CM येदियुरप्पा बोले- बाढ़ संभावित गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा - Punjab Kesari
Girl in a jacket

CM येदियुरप्पा बोले- बाढ़ संभावित गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने शनिवार को कहा कि बाढ़ की संभावना वाले गांवों के निवासियों

देश में मॉनसून के आगमन के साथ ही कई राज्यों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगता है और कई नदियों का जलस्तर अपने खतरे के निशान को पार करके तबाही मचाने को आतुर हो जाता है। इसी बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने शनिवार को कहा कि बाढ़ की संभावना वाले गांवों के निवासियों को नजदीकी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा, क्योंकि राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ मानसून दस्तक दे चुका है।
राज्य सरकार के अनुसार, राज्य में 1,710 बाढ़ संभावित गांव हैं। कर्नाटक आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद येदियुरप्पा ने संवाददाताओं से कहा, हमने बाढ़ की संभावना के मद्देनजर जिला अधिकारियों को एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। हमें यह सुनिश्चित करना है कि आने वाले दिनों में कोई और नुकसान न हो और बाढ़ संभावित गांवों के लोगों को नजदीकी ऊंचाई वाले स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए।
उन्होंने कहा कि मानसून बहुत जल्दी आ गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर जगह जलाशय भर रहे हैं और बड़े पैमाने पर बुआई हो रही है। येदियुरप्पा ने कहा कि जिला अधिकारियों ने बाढ़ के प्रभाव को कम करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की है और जहां भी जरूरत है, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और हेलीकॉप्टरों की तैनाती की व्यवस्था की गई है।
बाद में जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि पहली बार राज्य बाढ़ प्रबंधन कार्य योजना-2021 तैयार की गई है। विज्ञप्ति के अनुसार 1,710 गांवों को बाढ़ संभावित ग्रामों के रूप में चिन्हित किया गया है और ग्राम पंचायत स्तर पर आपदा प्रबंधन कार्य योजना तैयार कर इसके क्रियान्वयन के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

two × five =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।