आज महाराष्ट्र के मुंबई में ठाकरे और शिंदे गुट अपना शक्ति प्रदर्शन करने वाले है, जिसकी सभी तैयारियां पूरी हो गई है। जहां उद्धव ठाकरे शिवाजी पार्क से दहाड़ लगाएंगे। वही, एकनाथ शिंदे बीकेसी पार्क से ठाकरे गुट के कई पुराने राज खोलते हुए नजर आ सकते है। उद्धव ठाकरे आज शाम 7 बजे शिवाजी पार्क में जनता को संबोधित करेंगे, जबकि सीएम एकनाथ शिंदे भी ठीक उसी समय में बीकेसी मैदान में रैली को संबोधित करने वाले है।
दशहरा रैली शिवसेना की पहचान
वही, दोनों गुटों के कार्यकर्ताओ में लड़ाई ना हो इसके लिए मुंबई पुलिस ने भी पूरी तैयारी की है। उद्धव ठाकरे की सरकार गिरने के बाद आज वो पहली बार जनता और शिवसैनिकों को दशहरा रैली में संबोधित करेंगे। दशहरा रैली शिवसेना की पहचान बन गई है। पिछले पांच दशक से शिवसेना आज के दिन जनता और शिवसैनिकों को शिवाजी पार्क से संबोधित करते आ रही है। वैसे, पहले और इस वर की बात में काफी अंतर है, क्योंकि इस बार उद्धव ठाकरे को अपनी ताकत का भी प्रदर्शन करना है। पहले उनके रैलियों में भारी भीड़ इकठ्ठा होती थी, जबकि अब उन्हीं के करीबियों ने उनसे बगावत कर दी है, इसलिए उनकी चुनौती बढ़ती जा रही है।
शिंदे भी आज करेंगे बड़े खुलासे
हालांकि, एकनाथ शिंदे भी आज कई बड़े खुलासे रैली को संबोधित करने के दौरान कर सकते है। दरअसल, शिंदे ठाकरे परिवार के करीबी नेताओं में से एक माने जाते थे। उनका मातोश्री में बालासाहेब ठाकरे के समय से ही आना जाना लगा रहता था। वो परिवार के विश्वासी नेताओं में से एक थे, इसलिए इस बात की पूरी उम्मीद है कि उन्हें ऐसी कई सारी बातें पता होंगी, जिसके बारे में बाकी किसी को भनक नहीं होगी। आज वह उद्धव ठाकरे पर गंभीर आरोप लगा सकते हैं।
शिंदे लगाएंगे ठाकरे पर आरोप
बता दें, जब शिंदे सीएम बने थे तो उन्होंने आरोप लगाया था कि विधानसभा चुनाव में उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की बात कही गई थी, लेकिन ठाकरे ने अपने वादे को पूरा करने के बजाय वो खुद सीएम बन गए। उनका यह भी आरोप था की उनके विभाग में गैरजरूरी दखल दिया जाता था। आज सीएम शिंदे इन आरोपों पर विस्तार से बात कर सकते है।