हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह भारत जोड़ो यात्रा पर चले हुए हैं और कांग्रेस के लोग कांग्रेस छोड़ो यात्रा पर चले हैं। उनका यह बयान राज्य में विधानसभा के होने वाले चुनाव से ठीक पहले आया है। हाल ही के दिनों में जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने कांग्रेस नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी पार्टी छोड़ दी थी। जिनमें केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद समेत कई अन्य नेता शामिल है।
मुख्य विपक्षी दल की “भारत जोड़ो यात्रा”
कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा नाम से कार्यक्रम कर रही है। जिसका उद्देश्य उन्होंने लोकतंत्र विरोधी ताकतों को रोकना बताया है। हालांकि यह यात्रा बीते दिनों खुद विवादों से घिर गई थी। जब राहुल गांधी ने एक विवादित पादरी से मुलाकात की थी। भाजपा ने आरोप लगाया था कि वह पादरी हिन्दू विरोधी, राष्ट्र विरोधी है। जिसपर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने इसे भाजपा की बौखलाहट करार दिया था। भारत जोड़ो यात्रा के तहत 150 दिन में 3500 किलोमीटर सफर तय किया जाएगा। इस यात्रा में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल है।