असम कांग्रेस अध्यक्ष के महाभारत को 'लव जिहाद' से जोड़ने वाले बयान पर भड़के CM बिस्वा, गिरफ्तारी की कही बात - Punjab Kesari
Girl in a jacket

असम कांग्रेस अध्यक्ष के महाभारत को ‘लव जिहाद’ से जोड़ने वाले बयान पर भड़के CM बिस्वा, गिरफ्तारी की कही बात

असम के गोलाहाट में हुए ट्रिपल मर्डर को लेकर सियासी हंगामा शुरू हो गया है। वहीं असम के

असम के गोलाहाट में हुए ट्रिपल मर्डर को लेकर सियासी हंगामा शुरू हो गया है। वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस हत्याकांड को ‘लव जिहाद’ बताया है। जिसके बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा ने एक बयान दिया है जिससे विवाद और भी ज्यादा बढ़ गया। बोरा ने इस हत्याकांड को महाभारत की घटना से जोड़ दिया। जिसके बाद से मुख्यमंत्री सरमा और भूपेन बोरा दोनों एक दूसरे पर हमला बोल रहे है। 
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बोरा के दिए गए बयान पर कहा, अगर कोई कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराता है तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री बिस्वा ने बोरा पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए उनकी गिरफ्तारी की बात भी कह डाली। 
प्यार और जंग में सब कुछ जायज-बोरा 
आपको बता दें, असम के गोलाहाट जिले में 24 जुलाई को 25 वर्षीय एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी और सास-ससुर की हत्या कर दी और बाद में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सीएम सरमा ने इस मामले को ‘लव जिहाद’ बताया, क्योंकि पति मुस्लिम और पत्नी हिंदू थी। 
भूपेन बोरा ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के इस बयान पर जवाब देते हुए कहा, ”प्यार और जंग में सब कुछ जायज है। हमारे प्राचीन ग्रंथों में कृष्ण द्वारा रुक्मिणी को भगाकर ले जाने समेत कई कहानियां हैं और मुख्यमंत्री को आज के समय में विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोगों के बीच विवाह को लेकर विरोध का राग नहीं अलापना चाहिए। 
हिन्दू और मुस्लिम अपने अपने समुदाय में करें शादी- CM 
सरमा ने बोरा के बयान पर कहा कि ‘लव जिहाद’ और भगवान कृष्ण और रुक्मणी की प्रेम कहानी के बीच समानताएं निकालना निंदनीय है। उन्होंने कहा, ”हम लोगों को गिरफ्तार करने का कदम नहीं उठाना चाहते लेकिन अगर भगवान कृष्ण को विवाद में लाया गया तो कई ‘सनातनी’ लोग पुलिस स्टेशनों में मामले दर्ज कराएंगे और फिर मैं पुलिस को कार्रवाई करने से कैसे रोक पाऊंगा? ” उन्होंने कहा, ”अगर कोई ऐसी टिप्पणी करने वाले के खिलाफ मामला दर्ज कराएगा तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि इंसानों की गलतियों की तुलना भगवान से नहीं होनी  चाहिए ”जैसे हम हजरत मुहम्मद और ईसा मसीह को किसी विवाद में नहीं लाते।” सीएम सरमा ने दावा करते हुए कहा की, अगर हिंदू पुरुष अपने समुदाय की महिलाओं से शादी करते हैं और मुस्लिम पुरुष अपने समुदाय की महिलाओं से शादी करते हैं तो देश में शांति बनी रहेगी। उन्होंने कहा, ”हम ‘लव जिहाद’ का नतीजा गोलाघाट में हुए तिहरे हत्याकांड में देख चुके हैं। इसकी शिकार हुई लड़कियों की आत्महत्या की कई दुखद घटनाएं हम देख चुके है। मैं युवाओं से अपील करता हूं कि वे हमारे राज्य की शांति और सद्भाव के हित में ‘लक्ष्मण-रेखा’ को पार न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।