मुंबई : अनिल देशमुख से जुड़े मामले में CBI ने पुलिस कमिश्नर संजय पांडे से की पूछताछ - Punjab Kesari
Girl in a jacket

मुंबई : अनिल देशमुख से जुड़े मामले में CBI ने पुलिस कमिश्नर संजय पांडे से की पूछताछ

महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ जांच के सिलसिले में सीबीआई ने मुंबई के पुलिस

महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ जांच के सिलसिले में सीबीआई ने मुंबई के पुलिस आयुक्त संजय पांडे से पूछताछ की। पांडे पर मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त परमबीर सिंह को देशमुख के खिलाफ अपनी शिकायत वापस लेने के लिए प्रभावित करने का आरोप है और इसी सिलसिले में उनसे करीब छह घंटे तक पूछताछ की गई। 
सीबीआई ने देशमुख और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ आपराधिक साजिश से संबंधित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा के तहत ‘‘अपने लोक कर्तव्य के गलत और भ्रष्ट निर्वहन के जरिए अनुचित लाभ प्राप्त करने के प्रयास’’ के आरोप में मामला दर्ज किया है।

Phone Tapping Case: देवेंद्र फडणवीस को मुंबई पुलिस ने भेजा नोटिस, BKC थाने में कल होना है पेश

उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस आयुक्त के पद से हटाए जाने के बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लिखे अपने पत्र में परमबीर सिंह ने आरोप लगाया था कि देशमुख ने कथित तौर पर एंटीलिया सुरक्षा उल्लंघन मामले में मुंबई पुलिस के बर्खास्त अधिकारी सचिन वाझे को मुंबई के बार और रेस्तरां से एक महीने में कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की उगाही करने के लिए कहा था।
सीबीआई की प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया पता चला कि मामले में एक संज्ञेय अपराध बनता है, जिसमें महाराष्ट्र के तत्कालीन गृह मंत्री अनिल देशमुख और अन्य अज्ञात लोगों ने गलत और भ्रष्ट आचरण के जरिए अनुचित लाभ प्राप्त करने का प्रयास किया है। 
अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई नियमावली के अनुसार, आरोपों के समर्थन में प्रथम दृष्टया सामग्री के आधार पर एक नियमित मामले को पूर्ण मामले के रूप में आगे बढ़ाया जा सकता है या नहीं इसके आकलन करने के लिए प्रारंभिक जांच शुरू की गई है। सीबीआई जांच में पाया गया कि वाझे को 15 साल से अधिक समय तक सेवा से बाहर रहने के बाद पुलिस में बहाल कर दिया गया था। 
वाझे को बाद में एनआईए ने गिरफ्तार किया था। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि वाझे को मुंबई पुलिस के अधिकांश सनसनीखेज और महत्वपूर्ण मामले सौंपे गए थे और तत्कालीन गृह मंत्री देशमुख को इस तथ्य की जानकारी थी। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि देशमुख ‘‘और अन्य’’ ने अधिकारियों के स्थानांतरण और तैनाती को अनुचित तरीके से प्रभावित किया और इस तरह उन्होंने अपने आधिकारिक कर्तव्यों का अनुचित प्रदर्शन किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।