धोखाधड़ी मामले में मुंबई एयरपोर्ट पर बिल्डर डीएसके का भाई मकरंद कुलकर्णी गिरफ्तार - Punjab Kesari
Girl in a jacket

धोखाधड़ी मामले में मुंबई एयरपोर्ट पर बिल्डर डीएसके का भाई मकरंद कुलकर्णी गिरफ्तार

मकरंद कुलकर्णी मामले में एक आरोपी है और पुणे पुलिस ने इससे पहले उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी

पुणे के बिल्डर डी एस कुलकर्णी के भाई मकरंद कुलकर्णी को मंगलवार को अमेरिका के लिए उड़ान भरने से पहले गिरफ्तार कर लिया गया। मकरंद कुलकर्णी 2,000 करोड़ रुपए के धोखाधड़ी मामले में आरोपी हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुणे पुलिस ने करीब 33,000 जमाकर्ताओं और निवेशकों के साथ करीब 2043.18 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप में डीएसके के नाम से मशहूर डी एस कुलकर्णी, उनकी पत्नी और अन्य के खिलाफ पिछले साल मई में आरोपपत्र दायर किया था। 
मकरंद कुलकर्णी मामले में एक आरोपी है और पुणे पुलिस ने इससे पहले उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था। अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद से वह फरार थे। यहां एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘गुप्त सूचना के आधार पर मुंबई पुलिस की एक टीम ने मंगलवार को अमेरिका के लिए उनके उड़ान भरने से पहले उन्हें गिरफ्तार कर लिया।’’ 
मुंबई पुलिस के कर्मियों ने इसके बाद पुणे के अपने समकक्ष अधिकारियों को मकरंद की हिरासत की सूचना दी। उन्होंने बताया कि पुणे पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की एक टीम इसके बाद उन्हें हिरासत में लेने के लिए मुंबई के लिए रवाना हुई। 
2017 में जितेंद्र मुलेकर नामक एक जमाकर्ता की ओर से दायर शिकायत में कहा गया कि निवेशकों ने डीएसके डेवलपर्स की योजना में लाखों रुपए निवेश किए हैं लेकिन उन्हें महीनों से न तो इसका ब्याज मिल रहा है और न ही मूलधन मिल रहा है। 
ईओडब्ल्यू ने इससे पहले कुलकर्णी परिवार के खिलाफ महाराष्ट्र जमाकर्ता हित संरक्षण (एमपीआईडी) अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों और भारतीय दंड संहिता की धाराओं 420 (धोखाधड़ी और बेईमानी से संपत्ति का वितरण करना), 406 (विश्वासघात) और 34 (साझा मंशा) के तहत मामला दर्ज किया था।
मामले में 15 लोगों को आरोपी बनाया गया है जिसमें डीएसके और उनकी पत्नी समेत अब तक 10 लोगों गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इससे पहले डीएसके और उनकी पत्नी के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया था, जो पुणे की यरवदा जेल में बंद हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।