जूनागढ़ निकाय चुनाव में भाजपा की जबरदस्त जीत, निगम पर कब्जा बरकरार - Punjab Kesari
Girl in a jacket

जूनागढ़ निकाय चुनाव में भाजपा की जबरदस्त जीत, निगम पर कब्जा बरकरार

कांग्रेस को एक ही सीट पर जीत मिली, जो दर्शाता है कि पार्टी लोगों की स्मृति से लुप्त

जूनागढ़ : भाजपा ने मंगलवार को जूनागढ़ नगर निगम (जेएमसी) चुनाव में जबरदस्त जीत के साथ निगम पर कब्जा बरकरार रखा। भाजपा को 60 सदस्यीय निगम में 51 सीटों पर जीत मिली जबकि कांग्रेस को सिर्फ एक सीट पर जीत नसीब हुई। जूनागढ़ नगर निगम की 56 सीटों पर 21 जुलाई को हुए चुनाव के नतीजे मंगलवार को घोषित किये गए। भाजपा ने इस बार पिछले चुनाव के मुकाबले सात सीटें ज्यादा जीती हैं। पिछले चुनाव में उसे 44 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) चार सीटों पर जीत के साथ दूसरे स्थान पर रही। 
निगम की कुल 60 सीटों में से 56 सीटों पर चुनाव हुआ जबकि तीन सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को निर्विरोध चुन लिया गया। एक अन्य सीट पर भाजपा प्रत्याशी का पर्चा खारिज कर दिया गया। राकांपा ने चार सीटों पर जीत हासिल कर सभी को चौंका दिया है। कांग्रेस को इस चुनाव में बुरी हार का सामना करना पड़ा और वह 15 सीटों से सिर्फ एक सीट पर आ गई। कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर-4 पर सामान्य सीट से मंजुलाबेन पंसारा को जीत मिली है। 
भाजपा की जीत से गदगद राज्य इकाई के अध्यक्ष जीतू वाघानी ने कहा, इस बड़ी जीत के लिये हम जूनागढ़ के लोगों के शुक्रगुजार हैं। कांग्रेस को एक ही सीट पर जीत मिली, जो दर्शाता है कि पार्टी लोगों की स्मृति से लुप्त हो रही है। जूनागढ़ के लोगों ने नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व पर भरोसा जताया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।