कर्नाटक में शक्ति परीक्षण सहित राज्यपाल के किसी भी संवैधानिक निर्देश का पालन करने को तैयार : भाजपा - Punjab Kesari
Girl in a jacket

कर्नाटक में शक्ति परीक्षण सहित राज्यपाल के किसी भी संवैधानिक निर्देश का पालन करने को तैयार : भाजपा

केंद्रीय मंत्री डी वी सदानंद गौड़ा ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी कर्नाटक विधानसभा में शक्ति परीक्षण

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री डी वी सदानंद गौड़ा ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी कर्नाटक विधानसभा में शक्ति परीक्षण सहित वहां के राज्यपाल के किसी भी संवैधानिक निर्देश का पालन करने के लिए तैयार है। दरअसल, राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन सरकार दर्जन भर से अधिक विधायकों के इस्तीफे के बाद गिरने के कगार पर पहुंच गई है। 
राज्य सरकार कांग्रेस के 11 और जद (एस) के तीन विधायकों के इस्तीफे के बाद संकट में घिर गई है। साथ ही, दो निर्दलीय विधायकों ने भी गठबंधन सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया है। यदि इन विधायकों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए जाते हैं तो गठबंधन के विधायकों की संख्या 224 सदस्यीय विधानसभा में घट कर 102 रह जाएगी। 
गौड़ा ने यहां उर्वरक मंत्रालय के एक कार्यक्रम से इतर कहा, “उनकी(विधायकों की) संख्या घट कर 102 रह गई है। हमारे पास 107 विधायक हैं। मुझे लगता है कि जहां तक लोकतंत्र की बात है 51 का मतलब 100 होता है और 49 का अर्थ शून्य होता है। निश्चित तौर पर हम सही राह पर हैं।” 
यह पूछे जाने पर कि क्या पार्टी सदन में शक्ति परीक्षण के लिए तैयार है, तो उन्होंने कहा, “सदन में शक्ति परीक्षण के लिए निर्देश जारी करना राज्यपाल का विशेषाधिकार है। राज्यपाल के किसी भी संवैधानिक निर्देश का पालन करने के लिए हम निश्चित तौर पर तैयार हैं।” 
उन्होंने कहा कि भाजपा कर्नाटक सरकार को अस्थिर नहीं कर रही है। उन्होंने कहा, “यदि वे लोग अपना घर (पार्टी) दुरूस्त रखने में सक्षम नहीं हैं तो हम पर आरोप क्यों लगाते हैं? यह कांग्रेस और जद(एस) की जिम्मेदारी है कि वे अपने विधायकों को एकजुट रखें।”
गौड़ा ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा के 105 विधायक हैं। ये सभी एकजुट हैं और कोई भी बाहर नहीं जा रहा। उन्होंने इस आरोप को खारिज कर दिया कि उनकी पार्टी गठबंधन के विधायकों को अपने पाले में करने के लिए प्रलोभन दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि दो निर्दलीय विधायकों ने भी अपने आप ही भाजपा को अपना समर्थन दिया है। 
उन्होंने कहा, “इस्तीफे के बाद यदि कोई विधायक भाजपा से बात करना चाहता है तो यह क्यों कहा जा रहा है कि हमें किसी से बात नहीं करनी चाहिए। वे (बागी विधायक) अब कांग्रेस या जद(एस) के सदस्य नहीं हैं। उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। हर किसी को किसी से भी बात करने की स्वतंत्रता है।” 
उन्होंने कहा, “यह पूरी तरह से गलत है कि भाजपा राज्य सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है।” उन्होंने कहा, “उनकी अंदरूनी कलह और अपने नेताओं के प्रति नाराजगी के चलते यह (संकट) पैदा हुआ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।