BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली को आया हार्ट अटैक, कोलकाता के अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर - Punjab Kesari
Girl in a jacket

BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली को आया हार्ट अटैक, कोलकाता के अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

गांगुली की हालत अब ‘स्थिर’ है और उन्हें निजी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष और पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को सीने में दर्द और ब्लैकआउट की शिकायत के बाद शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। गांगुली को ‘हल्के’ दिल के दौरे के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उनकी हालत ‘स्थिर’ है। अस्पताल के अधिकारी ने यह जानकारी दी। शुक्रवार शाम वर्कआउट सत्र के बाद उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत दी और आज दोपहर दोबारा ऐसी समस्या के बाद परिवार के सदस्य उन्हें अस्पताल ले गए।
मिली जानकारी के अनुसार सौरव गांगुली की एंजियोप्लास्टी की गई। वुडलैंड्स अस्पताल ने बयान जारी करते हुए कहा, “सौरव गांगुली की हालत अब स्थिर है। गांगुली की एंजियोप्लास्टी की गई जिसके बाद दिल की नसों में स्टेंट डाला गया।फिलहाल सौरव गांगुली बिलकुल ठीक हैं। भगवान का शुक्रिया।”
इससे पहले हॉस्पिटल अधिकारी ने कहा, ‘‘अब उनकी हालत स्थिर है। हम देख रहे हैं कि यह दर्द दिल से जुड़ी किसी समस्या के कारण है या नहीं। उनके कई परीक्षण होंगे।’’ बंगाल टाइगर के नाम से मशहूर गांगुली की तबीयत को लेकर फिलहाल अलग-अलग खबरें सामने आ रही हैं। कुछ सूत्रों का कहना है कि गांगुली जिम में थे जहां अचानक सीने में दर्द के बाद अचेत हो गए थे जिसके बाद उन्हें वुडलैंड अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कुछ अपुष्ट रिपोर्टों को कहना है कि गांगुली को दिल का दौरा पड़ा था। गांगुली के बड़े भाई स्नेहशीष गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली इस समय अस्पताल में हैं। कुछ रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि गांगुली की एंजियोप्लास्टी हो गयी है जबकि कुछ का कहना है कि यह शाम तक होनी है। फिलहाल पूर्व भारतीय कप्तान की स्थिति स्थिर बतायी जा रही है।
48 वर्षीय गांगुली का पिछले कुछ दिनों में काफी व्यस्त कार्यक्रम रहा था। वह दिसंबर के आखिर में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में थे जहां पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत अरुण जेटली की प्रतिमा स्थापित की गयी थी। उल्लेखनीय है कि भारत के पहले विश्वकप विजेता कप्तान कपिल देव को गत 23 अक्टूबर को दिल का दौरा पड़ने के बाद राजधानी दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उनकी एंजियोप्लास्टी सर्जरी हुई थी। कपिल कुछ दिनों में ही स्वस्थ होकर गोल्फ के मैदान में लौटे थे।

हर्षवर्धन का ऐलान- पहले चरण के टीकाकरण अभियान में तीन करोड़ लोगों को लगेगी फ्री कोरोना वैक्सीन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।