मिजोरम पुलिस की FIR पर CM सरमा का ट्वीट, 'किसी भी जांच में शामिल होने पर होगी खुशी' - Punjab Kesari
Girl in a jacket

मिजोरम पुलिस की FIR पर CM सरमा का ट्वीट, ‘किसी भी जांच में शामिल होने पर होगी खुशी’

असम-मिजोरम सीमा विवाद का मुद्दा गरमाता जा रहा है। इस मामले में मिजोरम पुलिस ने असम के मुख्यमंत्री

असम-मिजोरम सीमा विवाद का मुद्दा गरमाता जा रहा है। इस मामले में मिजोरम पुलिस ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अब इस पर सीएम सरमा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि उन्हें किसी भी जांच में शामिल होने पर बहुत खुशी होगी।
दरअसल, 26 जुलाई को हुई हिंसा को लेकर वैरेंगटे पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में सीएम सरमा के अलावा, एक आईजी, डीआईजी और कछार जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक सहित छह अन्य अधिकारियों पर हत्या के प्रयास और आपराधिक साजिश के आरोप है।
एफआईआर के जवाब में मुख्यमंत्री सरमा ने एक ट्वीट में कहा, “किसी भी जांच में शामिल होने में बहुत खुशी होगी। लेकिन मामला तटस्थ एजेंसी को क्यों नहीं सौंपा जा रहा है, खासकर जब घटनास्थल असम के संवैधानिक क्षेत्र के भीतर है? यह जोरमथांगा मुख्यमंत्री जी को पहले ही बता दिया है।”


असम पुलिस ने 26 जुलाई को सीमा पर हुई हिंसा में कथित भूमिका के लिए मिजोरम के राज्यसभा सदस्य के. वनलालवेना और राज्य के छह अधिकारियों को भी समन जारी किया है, जिसमें उसके छह कर्मियों की मौत हो गई और दोनों राज्यों के 100 से अधिक लोग घायल हो गए।

गुवाहाटी में अधिकारियों ने कहा कि आठ सदस्यीय पुलिस टीम, जिसमें सीआईडी के अधिकारी भी शामिल हैं, वनलालवेना को पुलिस सम्मन देने के लिए गुरुवार को दिल्ली गई थी। लेकिन वे उन्हें उनके आवास पर या दिल्ली के मिजोरम भवन में नहीं मिले और दोनों जगहों के दरवाजे पर समन चिपका दिया गया है।
असम पुलिस के विशेष महानिदेशक जी.पी. सिंह ने कहा कि छह कर्मियों की हत्या को लेकर धोलाई थाने में मामला दर्ज किया गया है। इस बीच, मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने सीमा विवाद के सौहार्दपूर्ण समाधान की उम्मीद जताई।जोरमथांगा ने ट्वीट किया, “मुझे अभी भी केंद्र सरकार से असम-मिजोरम सीमा तनाव के सौहार्दपूर्ण समाधान की उम्मीद है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और क्षेत्र के छह अन्य मुख्यमंत्रियों- प्रेम सिंह तमांग (सिक्किम), एन. बीरेन सिंह (मणिपुर), पेमा खांडू (अरुणाचल प्रदेश), नेफियू रियो (नागालैंड), कोनराड संगमा (मेघालय), और बिप्लब कुमार देब (त्रिपुरा) को टैग किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

three × one =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।