शादी में झारखंड आए यूपी के इंजीनियर की संदिग्ध स्थिति में मौत, कुएं में मिली लाश - Punjab Kesari
Girl in a jacket

शादी में झारखंड आए यूपी के इंजीनियर की संदिग्ध स्थिति में मौत, कुएं में मिली लाश

इंजीनियर विकास की मौत: हादसा या हत्या?

झारखंड के गढ़वा में शादी समारोह में शामिल होने आए यूपी के इंजीनियर विकास विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी लाश एक कुएं में मिली। घटना की जांच जारी है कि यह हादसा है या हत्या।

झारखंड के गढ़वा में एक वैवाहिक समारोह में भाग लेने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र से आए एक इंजीनियर विकास विश्वकर्मा की संदिग्ध स्थितियों में मौत हो गई। वह बुधवार की रात बारात के दौरान लापता हो गए थे। उनकी लाश गुरुवार सुबह एक कुएं में पाई गई। बताया गया कि 32 वर्षीय विकास उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के ओबरा में बिजली विभाग में जूनियर इंजीनियर के रूप में पोस्टेड थे। वह मूल रूप से छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर के गांधीनगर के रहने वाले थे। वह अपने भाई के दोस्त की बारात में गढ़वा जिले के डंडई प्रखंड के महूडंड गांव आए थे। बारात इसी जिले के सिंहपुर मर्चवार गांव गई थी।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, विकास अपने दोस्तों के साथ रात में बारात में डांस कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गए। उनके दोस्तों ने उन्हें फोन किया, पर संपर्क नहीं हो पाया। बाद में विकास के परिजनों को उनके लापता होने की जानकारी दी गई। बंशीधरनगर पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। इसके बाद उनकी तलाश शुरू हुई। इसी बीच कुछ लोगों ने गांव के एक कुएं में एक व्यक्ति का शव देखा। शव की पहचान विकास के रूप में हुई। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बंशीधर नगर अनुमंडल के डीएसपी सत्येंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। इस बात की जांच की जा रही है कि विकास किसी हादसे का शिकार हुए हैं या फिर उनकी हत्या की गई है। इस संबंध में विकास के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकता है।

बदल गया BSF जवान का ड्रेस, अब नए डिजिटल पैटर्न यूनिफार्म में दिखेंगे फ़ोर्स

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।