भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को कोलकाता के मायो रोड पर पार्टी की युवा इकाई के वैनर तले आयोजित ‘युवा समावेश’ रैली को संबोधित करेंगे। इस बीच अमित शाह की रैली के स्थान पर तृणमूल कांग्रेस के पांच सौ से अधिक झंडे और बैनर लगाए गये हैं, जिस पर ‘बंगाल विरोधी, भाजपा वापस जाओ’ जैसे नारे लिखे हैं। वही, भाजपा नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर इन झंडों और बैनरों को लगाने का आरोप लगाया है जबकि सत्तारूढ़ पार्टी ने इन आरोपों को खारिज किया है।
भाजपा नेता अमिताभ राय ने कहा, ‘श्रमिक जब गुरुवार को मंच स्थापित कर रहे थे,तो तृणमूल कुछ गुंडे आए और उन्होंने श्रमिकों को धमकी दी। हर जगह तृणमूल के झंडे हैं। हम इन्हें नहीं उतारेंगे, लेकिन रैली में शामिल होने वाले लोग अगर इन्हें उतारते हैं या फाड़ते तो हम जिम्मेदारी नहीं ले सकते हैं।’ राज्य के शिक्षा मंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस के महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी ने ‘भाजपा विरोधी पोस्टरों‘ को नहीं लगाया है।
शाह की रैली में आने वाले कार्यकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भाजपा ने राजनाथ सिंह को लिखा पत्र
असम में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस द्वारा कल विरोध रैली आयोजित करने की घोषणा किए जाने के बाद भाजपा नेतृत्व ने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की रैली में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और राज्य के प्रमुख सचिव को पत्र लिखा है।
पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष दिलीप घोष ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वह पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैली में आने वाले और फिर यहां से वापस जाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहें।
असम एनआरसी मामला : पूरे बंगाल में रैलियां करेगी तृणमूल कांग्रेस
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जय प्रकाश मजूमदार ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव मलय डे को पत्र लिखकर भाजपा कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है। उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में लोकसभा की 42 सीटें हैं और भाजपा ने 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में राज्य में 22 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।