अजय भट्ट ने फिर संभाला प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व - Punjab Kesari
Girl in a jacket

अजय भट्ट ने फिर संभाला प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व

इच्छुक नही थे, किन्तु पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद भगत सिह कोश्यारी के चुनाव लड़ने से इनकार करने के

उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अजय भट्ट ने लोकसभा के लिए प्रथम चरण के चुनाव के बाद रविवार को यहां फिर से कार्यभार ग्रहण कर लिया। प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। देहरादून स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे श्री भट्ट ने संवाददाताओं से बातचीत में खुलासा किया कि वह लोकसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक नही थे, किन्तु पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद भगत सिह कोश्यारी के चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद पार्टी ने मुझे चुनाव लड़ने का निर्देश दिया।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा पांचों सीटों पर विजयी होगी। जन सामान्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर जबरदस्त आकर्षण है और जनता मोदी जी के पक्ष में पूरी तरह मुखर है। श्री भट्ट ने कहा कि वे लोकसभा चुनाव में अपने क्षेत्र में व्यस्त होने के साथ ही पार्टी के रोजमर्रा के कार्यो से भी जुड़ रहे और उन्हे पूरे प्रदेश से जानकारिया मिलती रही। इससे वे कह सकते है कि पूरे राज्य में मोदी तूफान चल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यहां के कार्यकर्ता अन्य राज्यों में पार्टी का प्रचार प्रसार करने जायेंगे।

उन्हें हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ भेजा जायेगा। उन्होंने बताया कि इन राज्यों में जाने वाले सभी कार्यकर्ताओं की सूची प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला द्वारा तैयार कर ली गयी हैं। पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर में उन्होंने कहा कि हरिद्वार में दो विधायकों में चल रहे विवाद को पार्टी ने गम्भीरता से लिया हैं। इस मामले में पार्टी संबंधित विघायकों को नोटिस जारी करने जा रही है। पार्टी के लिये अनुशासन सर्वोपरि है और इस पर सख्त कार्रवाई की जायेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।