देहरादून : भाजपा की त्रिशक्ति सम्मेलन में अमर सिंह नाम का एक शख्स चर्चा का विषय बना रहा। इस शख्स को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सम्मानित कर उसकी जमकर तारीफ की। सिंह ने परिवार ने इस सम्मान को सौभाग्यपूर्ण बताया है। भाजपा पदाधिकारियों के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अमर सिंह भारी बर्फबारी के बीच 16 किलोमीटर पैदल चलकर रैली में आए थे।
अमर सिंह के मुताबिक वो पुरोला विधानसभा के अंतिम गांव लियाड़ी के रहने वाले हैं, जिस वजह से मुख्य मार्ग से 16 किलोमीटर पैदल चलकर लियाड़ी गांव पहुंचना पड़ता है। इस दौरान रास्ते में चार फीट तक बर्फ है। इसके बावजूद भी अमर सिंह तमाम मुश्किलों को पार कर अमित शाह की रैली में पहुंचे, जिसके बाद अमित शाह ने उन्हें सम्मानित किया।
वहीं दूसरी ओर अमर सिंह के भतीजे गंगा सिंह ने इस मौके को सौभाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि 2008 में सड़क स्वीकृति के बाद भी अभी तक सड़क निर्माण नहीं हो पाया है, जिस वजह से लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द सड़क निर्माण करवाने की मांग की।