निजी एयरलाइंस कंपनी इंडिगो की उड़ान में सुरक्षा चूक का बड़ा मामला सामने आया है। पहली घटना है गोवा से हैदराबाद जाने वाली इंडिगो फ्लाइट की जिसने 14 यात्रियों को छोड़कर समय से 25 मिनट पहले उड़ान भर ली। वही दूसरी घटना वो है जब इंदौर जाने वाला एक यात्री दूसरे विमान में बैठ कर नागपुर पहुंच गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एक यात्री के पास इंदौर जाने का बोर्डिंग पास था, लेकिन वह नागपुर जाने वाले विमान में चेक-इन कर लिया। इंडिगो के कर्मचारियों को उनके नागपुर पहुंचने के बाद इसका पता चला। इस यात्री को उड़ान संख्या 6ई-656 से इंदौर जाना था। इंडिगो ने इस चूक पर बयान जारी कर कहा, ‘इंडिगो उड़ान संख्या 6ई-774 (दिल्ली-नागपुर) में हुई सुरक्षा चूक के लिए माफी मांगती है।’
वही 14 यात्रियों को छोड़कर गयी इंडिगो फ्लाइट के मामले में इंडिगो के प्रवक्ता ने इन आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि एयरलाइन ने यात्रियों से गेट पर रिपोर्ट करने के लिए कई बार अनाउंसमेंट की लेकिन कोई नहीं पहुंचा। लेकिन यात्रियों ने आरोप लगाया कि विमान ने निर्धारित समय से पहले ही उड़ान भर लिया था।
फ्लाइट संख्या 6ई-259 को रात में 10.50 पर रवाना होना था। यात्रियों ने बताया कि विमान ने 25 मिनट पहले ही उड़ान भर लिया था। इंडिगो के इस विमान को मध्यरात्रि 12.05 बजे हैदराबाद पहुंचना था, लेकिन विमान 11.40 बजे ही पहुंच गया था। इस मुद्दे पर इंडिगो एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा, ‘बोर्डिंग गेट रात 10.25 पर बंद हो गया था, जबकि यात्री 10.33 पर पहुंचे थे।
इंडिगो के कर्मचारियों ने हैंड-हेल्ड लाउडस्पीकर के साथ यात्रियों को बुलाने के लिए कई बार घोषणाएं भी की थीं।’ मालूम हो कि कुछ दिनों पहले ही इंडिगो एयरलाइंस के ग्राउंड स्टाफ द्वारा एक बुजुर्ग यात्री के साथ दुर्व्यवहार करने का वीडियो सामने आया था। इसके बाद विमानन कंपनी की तीखी आलोचना की गई थी।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट