विकास के प्रति सरकार वचनबद्ध - Punjab Kesari
Girl in a jacket

विकास के प्रति सरकार वचनबद्ध

NULL

गिरिडीह, (वार्ता): झारखंड के मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने घोषणा की कि इस वर्ष के अंत तक राज्य के 50 हजार युवकों को नौकरी दी जाएगी। श्री दास ने यहां के उत्सव उपवन में भाजपा कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुये कहा कि उनकी सरकार प्रदेश के विकास के लिए पूरी तरह से वचनबद्ध है और इस दिशा में कई कदम उठाये जा रहे हैं। सरकार इस वर्ष 06 दिसंबर तक राज्य के 50 हजार युवकों को रोजगार देगी। उन्होंने कहा कि युवकों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से कदम उठाये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने पूर्व की झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सरकार की चर्चा करते हुए कहा कि तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार जहां अपने चरम पर था वहीं परिवारवाद भी फल फूल रहा था। उन्होंने कहा कि बिहार को जिस तरह से राष्ट्रीय जनता दल (राजद)अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने लूटा ठीक उसी तरह से झामुमो के कार्यकाल में झारखंड में भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद से भ्रष्टाचार और परिवारवाद पूरी तरह से समाप्त हो गया है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 तक राज्य के सभी परिवारों को एलईडी बल्ब उपलब्ध करा दी जाएगी। बैठक की समाप्ति के बाद भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक प्रकाश ने बताया कि सरकार राज्य में गरीबी उन्मूलन के अपने लक्ष्य पर लगातार काम कर रही है। सरकार अबतक एक लाख युवकों को नौकरी उपलब्ध करा चुकी है। बेरोजगार युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से हुनरमंद बनाया जा रहा है और इसके लिए गांव-गांव में प्रशिक्षण केंद्र खोले गये हैं।

कौशल विकास के क्षेत्र में सात हजार करोड़ रुपये खर्च करने का लक्ष्य रखा गया है। श्री प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं के लिए एक विशेष योजना की शुरुआत की है। इसके तहत 50 लाख रुपये तक की संपत्ति का निबंधन महिला के नाम पर होने से उस पर रजिस्ट्री शुल्क केवल एक रुपये ही लगेगा। उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए ऐसी व्यवस्था करने वाला झारखंड देश का पहला राज्य है।

इससे पूर्व बैठक में कई प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। साथ ही बिहार में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बनने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी गई और कहा गया कि सकारात्मक राजनीति के कारण ही वहां राजग की सरकार बनी है। बैठक में सांसद सुनील ङ्क्षसह ने राजनीति प्रस्ताव पेश किया। पेश सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 × five =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।