मोदी कल कर्नाटक में उम्मीदवारों और जन प्रतिनिधियों से करेंगे संवाद, 1 मई से प्रचार अभियान में होंगे शामिल  - Punjab Kesari
Girl in a jacket

मोदी कल कर्नाटक में उम्मीदवारों और जन प्रतिनिधियों से करेंगे संवाद, 1 मई से प्रचार अभियान में होंगे शामिल 

NULL

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा के अभियान को धार प्रदान करने की कवायद के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल सुबह राज्य में पार्टी के सभी उम्मीदवारों, पदाधिकारियों, जन प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से नरेन्द्र मोदी एप के जरिए संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी कर्नाटक में एक मई को उडुपी से भाजपा के प्रचार अभियान को गति प्रदान करेंगे।

भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी बताया, ”मोदी एक मई को उडुपी जायेंगे जहां उनका श्री कृष्ण मठ जाने का कार्यक्रम है। इसके बाद वे एक जनसभा को संबोधित करेंगे।”इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी 26 अप्रैल को सुबह नौ बजे कर्नाटक भाजपा के सभी जन प्रतिनिधियों, विधानसभा चुनाव के सभी उम्मीदवारों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से नरेन्द्र मोदी एप के जरिये संवाद करेंगे।

मोदी के कर्नाटक चुनावी दौरे के कार्यक्रम को अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है और वह 15 से अधिक रैलियों को संबोधित करेंगे। कर्नाटक में भाजपा सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को सत्ता से हटाने के लिए पूरी ताकत लगा रही है।चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों में राज्य में इन दोनों दलों के बीच कड़ा मुकाबला होने की बात कही गई है।

 भाजपा को उम्मीद है कि मतदान से पहले प्रचार अभियान के आखिरी दिनों में मोदी के जबर्दस्त चुनाव अभियान से पलड़ा उसके पक्ष में झुक सकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने पहले राज्य में कई जनसभाओं को संबोधित किया था लेकिन चुनाव आयोग द्वारा 27 मार्च को विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित करने के बाद से वह चुनाव प्रचार के लिये कर्नाटक नहीं गये हैं। राज्य में 12 मई को मतदान है और मतगणना 15 मई को होगी।

 कर्नाटक विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिये भाजपा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के कार्यक्रमों को अंतिम दे रही है। योगी आदित्यनाथ के दौरे को इसलिये भी महत्व दिया जा रहा है क्योंकि कर्नाटक के कई इलाकों में नाथ सम्प्रदाय का अच्छा खासा प्रभाव है।पार्टी सूत्रों ने बताया कि योगी आदित्यनाथ राज्य में दो दर्जन से अधिक रैलियों को संबोधित कर सकते हैं। कर्नाटक में चुनाव जीतने के लिए भाजपा पूरा जोर लगा रही है।

पार्टी में 19 सूत्री कार्यक्रम और देशभर से 5 दर्जन से अधिक प्रचारकों की मौजूदगी की भूमिका अहम होगी। पार्टी ने अपनी इस रणनीति को जमीन पर उतारने के लिए केंद्रीय मंत्रियों समेत देशभर से 56 सांसदों एवं नेताओं को लगाया है। केंद्रीय नेताओं की यह टीम कर्नाटक प्रदेश भाजपा के साथ करीबी संवाद के साथ काम कर रही है और इसमें हर विधानसभा क्षेत्र में बूथ स्तर पर प्रबंधन पर खास जोर दिया जा रहा है।

इसमें ‘पन्ना प्रमुखों के साथ समन्वय पर खास जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही भाजपा मैसूर, मेंगलूरू, बेलगावी, कालबुर्गी, हुबली, बेल्लारी, बेंगलूरू समेत कई इलाकों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘करिश्मे का उपयोग करेगी। पार्टी ने राज्य के 224 विधानसभा क्षेतों में हर सीट पर ‘शक्ति केंद्र स्थापित करने की पहल की है। हर पांच-छह बूथ पर एक शक्ति केंद्र स्थापित किया गया है। हर विधानसभा सीट पर 12 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है जिसमें अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक, युवा, महिलाओं को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

18 − 4 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।