हरिद्वार, संजय चौहान (पंजाब केसरी): धर्मनगरी में महाशिवरात्रि पर्व पर शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं को घंटों इंतजार करना पड़ा। घंटों लाइन में लगने के बाद भी श्रद्धालुओं के जोश में कोई कमी देखने को नहीं मिली। मंदिरों के बाहर कतार में लगे श्रद्धालु जय भोले, बम-बम भोले के नारे लगाकर अपने जोश का इजहार करते दिखे।
महाशिवरात्रि के अवसर पर धर्मनगरी के शिवालयों में तड़के से ही जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो चुके थे। धर्मनगरी के सभी शिव मंदिरों में लंबी कतार श्रद्धालुओं की लग चुकी थी। कनखल स्थित दक्ष मंदिर में श्रद्धालुओं की लाइन काफी लंबी लगी हुई थी। सुबह 9 बजे दक्ष मंदिर में जलाभिषेक कर लौट रहे श्रवण नाथ नगर निवासी सतवीरी चौहान, रोहिनी चौहान, तनिशा, उत्कर्ष आदि ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ सुबह साढ़े छह बजे मंदिर पहुंच गए थे, लेकिन 9 बजे जाकर जलाभिषेक करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
एक अन्य परिवार से रमेश अरोड़ा, विष्णु अरोड़ा, कृष्णा अरोड़ा का कहना था कि लाइन में लगने की थकान शिवलिंग पर जलाभिषेक कर दूर हो गयी। दरिद्र भंजन, दुख भंजन और बिल्वकेश्वर महादेव, निलेश्वर महादेव के अतिरिक्त अन्य कई शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। जलाभिषेक का यह सिलसिला सुबह से शाम तक लगातार जारी रहा।
हरिद्वार के शिव मंदिर शिवरात्रि पर्व पर शिवालय में पूजा-अर्चना करता हुआ एक परिवार। (छाया : पंजाब केसरी)