रायपुर : छत्तीसगढ़ की सियासत इन दिनों राम, राष्ट्रवाद और माननीयों की सुरक्षा को लेकर चर्चा में है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के बीच जुबानी टकरार जारी है।
एक ओर जहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रमन सिंह के कांग्रेस को अंतिम वक्त में राम की याद आने के बयान के जवाब में शुक्रवार को कहा कि भाजपा को सिर्फ चुनाव के समय ही राम की याद आती है। वोट के लिए वे राम का इस्तेमाल करते हैं। वहीं सुरक्षा को लेकर किए गए सीएम बघेल के तंज के बाद रमन सिंह ने पटलवार करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ मेें राम राज्य है तो सभी की सुरक्षा वापस ले लें।
चित्रकोट विधानसभा उपचुनाव के लिए रवाना होने से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से चर्चा के दौरान भाजपा और आरएसएस के राष्ट्रवाद को उत्तेजक राष्ट्रवाद बताया। उन्होंने कहा कि यह विदेशों से आया है। गांधी जी का राष्ट्रवाद गंभीर राष्ट्रवाद है, जिसे कांग्रेस मानती है।
वर्ल्ड इकोनोमिक फोरम की रैंकिंग में भारत के 10 पायदान नीचे गिरने पर सीएम बघेल ने कहा कि देश की अर्थव्यव्स्था चौपट है। नोटबंदी और जीएसटी से नुकसान हुआ है। अब हालात यह है कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को बेचकर केंद्र सरकार कर्मचारियों के वेतन की व्यवस्था कर रही है।