बेंगलुरू : ऑनलाइन पोर्टल‘ पोस्टकार्ड न्यूज’ के सह- संस्थापक महेश विक्रम हेगड़े को फर्जी खबरें पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आज बताया कि हेगड़े पर आरोप है कि उन्होंने जो खबरें पोस्ट की थी उनका लक्ष्य साम्प्रदायिक संघर्ष पैदा करना और राज्य सरकार को बदनाम करना है। उन्होंने बताया कि हेगड़े को कल गिरफ्तार किया गया था। हेगड़े ने कथित तौर पर यह पोस्ट किया था कि एक जैन भिक्षु पर एक मुस्लिम युवक ने हमला किया है। हालांकि, यह मामला मुनिश्री मयंक और उनके सहयोगियों पर11 मार्च को कवलांदे गांव के पास एक दोपहिया वाहन से टक्कर मारे जाने का है। उस वक्त वे लोग हासन जिला स्थित श्रवणबेलगोला से लौट रहे थे।
दोपहिया वाहन चालक नशे में धुत था। पुलिस द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि फर्जी खबर का लक्ष्य दो समुदायों के बीच संघर्ष पैदा करना और सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए राज्य सरकार को बदनाम करना था। इसमें कहा गया है, ‘‘ न सिर्फ हजारों लोगों ने यह खबर देखी, बल्कि इसे टि्वटर और फेसबुक पर भी साझा किया गया। इस सिलसिले में साइबर अपराध पुलिस ने पोर्टल के मालिक के खिलाफ एक मामला दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गौरतलब है कि भाजपा के लोकसभा सदस्य प्रताप सिम्हा ने हेगड़े के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस सरकार की कल आलोचना की थी। हालांकि, कांग्रेस संचार प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कार्रवाई को लेकर पुलिस का बचाव करते हुए कहा कि… वे लोग फर्जी खबरों के जरिए समुदायों के बीच नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ प्रेस की स्वतंत्रता के प्रति अनादर को लेकर ऐसे लोगों के खिलाफ क्यों नहीं आपराधिक कार्रवाई की जानी चाहिए।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।