त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने 21 साल पहले डायना हेडन को मिस वर्ल्ड का खिताब दिए जाने पर सवाल उठाया है। उनका कहना है कि डायना हेडन की जीत फिक्स थी। वहीं, उन्होंने ऐश्वर्या राय की तारीफ करते हुए कहा, सही मायने में ऐश्वर्या भारतीय महिलाओं की नुमाइंदगी करती हैं। सौंदर्य प्रतियोगिताओं को फर्जी बताते हुए बिप्लब ने कहा है कि उन्हें हेडन को खिताब देने की पीछे की प्रक्रिया समझ में नहीं आई।
बिप्लब ने कहा, कॉस्मेटिक माफिया की नज़र भारत पर है। लगातार पांच साल तक हमने मिस वर्ल्ड या मिस यूनिवर्स खिताब जीते। जिसने भी अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, जीतकर लौटा। डायना हेडन भी जीत गयीं। क्या आपको लगता है कि उन्हें ये खिताब जीतना चाहिए था? बिप्लब ने आगे कहा, हम महिला को देवी लक्ष्मी, सरस्वती के रूप में देखते हैं। ऐश्वर्या मिस वर्ल्ड बनी तो ठीक है। वो सही मायने में भारतीय महिलाओं की नुमाइंदगी करती हैं।
लेकिन मैं डायना हेडेन की खूबसूरती नहीं समझ पा रहा हूं। बिप्लब ने कहा, पांच साल के बाद क्यों और सुंदरियां भारत से नहीं आईं? जब वे हमारे देश में मार्केट पर कब्जा कर लिए तो यही काम कहीं और कर रहे हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने इंटरनेट को महाभारत के समय से मौजूद होने की बात की थी जिस पर उनकी काफी खिंचाई हुई थी।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।


















