टैंपो ट्रेवलर पर गिरा पहाड़ी का मलबा, छह मरे - Punjab Kesari
Girl in a jacket

टैंपो ट्रेवलर पर गिरा पहाड़ी का मलबा, छह मरे

टिहरी जिले के देवप्रयाग में पंजाब के यात्रियों से भरे टैंपो ट्रेवलर के ऊपर पहाड़ी से भारी भरकम

देवप्रयाग : टिहरी जिले के देवप्रयाग में पंजाब के यात्रियों से भरे टैंपो ट्रेवलर के ऊपर पहाड़ी से भारी भरकम बोल्डर गिर गया। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य  केंद्र में भर्ती कराया गया है। हादसा शनिवार करीब ढाई बजे हुआ है। बताया जा रहा है कि मोहाली(चंडीगढ़)  के यात्रियों से भरा टैंपो ट्रैवलर हेमकुंड दर्शनों को जा रहा था। 
जैसे ही वाहन ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 58) पर तीन धारा के पास पहुंचा, तो अचानक पहाड़ी से एक बोल्डर वाहन के ऊपर गिर गया, जिससे उसके परखच्चे  उड़ गए। वाहन में कुल दस लोग सवार थे, जिसमें से पांच लोगों ने मौके पर ही  दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेते हुए पांच  घायल यात्रियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी (देवप्रयाग) में भर्ती कराया। यहां एक अन्य घायल यात्री ने दम तोड़ दिया। 
पुलिस ने बताया कि अभी मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। हादसे की तस्वीरें दिल दहला देने वाली हैं। चश्मदीदों ने बताया कि टैंपो ट्रैवलर पर एक बड़ा पत्थर गिर गया था, जिस वजह से टैंपो पलट गया। एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचा दिया गया है। 
टैंपो ट्रैवलर में कुल 10 लोग सवार थे। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी देवप्रयाग में एडमिट कराया गया है। उत्तराखंड में लगातार बारिश हो रही है, सड़कों पर जगह-जगह मलबा जमा है। खराब मौसम में पहाड़ की यात्रा सुरक्षित नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

twenty − 9 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।