...जब आधी रात में दुपट्टा ओढ़कर स्कूटी पर निकली पुडुचेरी उपराज्यपाल किरण बेदी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

…जब आधी रात में दुपट्टा ओढ़कर स्कूटी पर निकली पुडुचेरी उपराज्यपाल किरण बेदी

NULL

पुडुचेरी :  केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में महिला सुरक्षा का जायजा लेने के लिए उप राज्यपाल किरण बेदी ने एक अनोखी पहल की। शुक्रवार देर रात किरण बेदी स्कूटर की पिछली सीट पर बैठकर बाहर निकलीं। इस दौरान अपनी पहचान छिपाने के लिए उन्होंने दुपट्टे से चेहरा ढंक रखा था। इस स्कूटर को एक महिला ही चला रही थी। लोगों के मन में सवाल उठते हैं कि आखिर यह महिला है कौन? ये महिला हैं प्रदेश की प्रथम नागरिक किरण बेदी। किरण बेदी के इस कदम को कई लोगों ने सराहा, जबकि कुछ लोगों ने ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को लेकर उनकी आलोचना भी की। ऐसा इसलिए क्योंकि तो किरण बेदी और स्कूटर चला रही महिला दोनों ही बगैर हेलमेट के थीं।

दिल्ली पुलिस की डिप्टी पुलिस कमिश्नर रहीं किरण बेदी अपने प्रदेश की सुरक्षा-व्यवस्था को चाक-चौबंद रखना चाहती हैं। सुरक्षा से लेकर स्वच्छता तक का जायजा लेती हैं। इसलिए उपराज्यपाल का पद संभालने के बाद देर रात से लेकर सुबह 6 बजे तक कभी भी किसी की स्कूटी पर सवार होकर सड़कों पर निकल पड़ती हैं। इस दौरान उनके साथ उनके सुरक्षाकर्मी भी नहीं होते। आगामी शनिवार 26 अगस्त को वह 100वीं बार रात्रि गश्त पर निकलेंगी।

किरण बेदी कहती हैं कि वह सड़कों पर निकलती हैं, ताकि अपनी आंखों से देख सकें कि लोगों को कोई परेशानी तो नहीं हो रही। उनका कहना है कि वह जानती हैं कि पुडुचेरी में कानून-व्यवस्था ठीक है। सुरक्षा की व्यवस्था भी अच्छी है, लेकिन इसे पूरी तरह चाक-चौबंद होना चाहिए। इसलिए वह सड़कों पर निकलती हैं और निकलने का कोई समय नहीं होता।

किरण बेदी ने अपनी दो तसवीरें ट्वीट की हैं, जिसमें कहा है कि 99वां राइड पूरा हुआ। अागामी शनिवार को 100वीं राइड पूरी करेंगी। रात में स्कूटी के पीछे बैठ कर निकलने वाली किरण बेदी के साथ कोई सुरक्षा गार्ड नहीं होता, लेकिन सुबह जब वह अपनी साइकिल से मॉर्निंग राइड पर निकलती हैं, तो उनके इर्द-गिर्द उनके सुरक्षाकर्मी चौकस रहते हैं।

किरण बेदी ने नाइट राइड पर जो ट्वीट किया है। उस पर कुछ लोगों ने प्रतिक्रिया भी दी है। एक सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता एनजी मुकुंद ने उन्हें सलाह दी है कि सुरक्षा के लिहाज से उन्हें हेलमेट पहनना चाहिए। इससे लोगों में अच्छा संदेश जायेगा। मुकुंद ने कहा है कि मैं आपको यह सलाह दो वजहों से दे रहा हूं। पहला आपकी सुरक्षा और दूसरा जनता में एक मैसेज जायेगा कि राज्य की प्रथम नागरिक हेलमेट पहनती हैं, तो और लोगों को भी उनका अनुकरण करना चाहिए।

हालांकि, सलाह देने के लिए कुछ लोगों ने मुकुंद को अपशब्द भी कहे और उनकी आलोचना भी की, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों ने उनका समर्थन किया। लोगों ने कहा कि मुकुंद ने जो सलाह दी है, उसमें कुछ गलत नहीं है। यह सकारात्मक है। पुडुचेरी के लोगों ने किरण बेदी की इस पहल की काफी सराहना की है। दूसरी ओर, पुडुचेरी की मीडिया ने उपराज्यपाल से सवाल किया है कि क्या कोई आम आदमी उनकी तरह बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन की सवारी कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।