खादी के उपयोग से गरीबों का होगा भला - Punjab Kesari
Girl in a jacket

खादी के उपयोग से गरीबों का होगा भला

NULL

झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस एवं गांधी जयंती के मौके पर लोगों से खादी निर्मित वस्त्रों को पहनने का अनुरोध करते हुए आज कहा कि ऐसा करने से एक ओर जहां गरीबों का भला होगा वहीं दूसरी तरफ लोगों को अपने घर के बने कपड़े पहनने का आनंद मिलेगा। श्रीमती मुर्मू ने गांधी जयंती के मौके पर मोरहाबादी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘ स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस एवं गांधी जयंती के दिन हर कोई खादी के वस्त्र पहनें। इससे गरीबों का भला होगा और लोगों को अपने घर के बने कपड़े पहनने का आनंद मिलेगा। यह बापू के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।’

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि पूज्य बापू को‘महात्मा’की उपाधि देश के प्रति समर्पण, निष्ठा एवं सत्यावदिता के कारण मिली है। राज्य की वर्तमान सरकार राष्ट्रपिता के बताये रास्ते पर चल रही है जो स्वावलंबन, स्वभाषा, स्वशासन और सुशासन को बढ़वा देने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को वनोपज से उत्पाद तैयार करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रकृति की गोद में बसे झारखंड में देश का 62 प्रतिशत लाह एवं 82 प्रतिशत तसर होता है।

इनके विकास के लिए राज्य में लाह एवं तसर के लिए बोर्ड का गठन किया गया है। लाह के उत्पाद दुनिया के चार देशों में निर्यात किये जाते हैं। झारखंड सरकार यहां की उद्यमशील महिलाओं को प्रशिक्षित कर उनके द्वारा तैयार उत्पादों को देश-दुनिया के बाजारों में बेचेगी। इसी प्रकार सिल्क के उत्पादों में भी झारखंड देश में अग्रणी बन सकता है।.मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मीठी क्रांति के आह्वान पर राज्य सरकार मधुमक्खी पालन को बढ़वा देगी। राज्य की गरीबी को समाप्त करने के लिए सरकार वचनबद्ध है।

वर्ष 2022 तक मोदीजी ने देश से गरीबी समाप्त करने का मंत्र दिया है। झारखंड सरकार 2022 तक राज्य से गरीबी समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध होकर काम कर रही है। इसके लिए सभी का सहयोग जरूरी है। श्री दास ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादूर शास्त्री को भी याद किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी जैसे महामानव के कार्यों, विचारों से देश का सम्मान बढ़ा।

सैनिकों एवं किसानों का सम्मान बढ़ा जिसके वे हकदार थे। शास्त्री जी की सादगी सरलता एवं ईमानदारी आज भी लोगों को प्रेरित करती है। कार्यक्रम में झारखंड राज्य खादी बोर्ड द्वारा प्रशिक्षित लोगों को 16 सिलाई मशीन, 12 लाह किट एवं 10 चरखा 80 प्रतिशत अनुदान पर दिया गया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव, नगर विकास मंत्री सी पी सिंह, सांसद रामटहल चौधरी, विधायक रामकुमार पाहन, जीतू चरण राम, गंगोत्री कुजूर, मेयर आशा लकड़, समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष उषा पांडे समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

4 × 2 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।