देहरादून : महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने बद्रीनाथ और केदारनाथ के दर्शन किए। इन दिनों राज्यपाल उत्तराखंड के चार दिवसीय दौरे पर हैं। रविवार को वह हरिद्वार और ऋषिकेश में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। शनिवार को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी सुबह नौ बजे हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचे। केदारनाथ में बदरी-केदार मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
राज्यपाल ने बाबा केदार के दर्शनों के बाद श्रद्धालुओं से बातचीत की और पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा भी लिया। इसके बाद उन्होंने केदारनाथ में ध्यान गुफा में साधना कर रहे पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण से मुलाकात की। इसके बाद करीब 11 बजे वह बदरीनाथ के लिए रवाना हो गए। बदरीनाथ के दर्शनों के बाद राज्यपाल कोश्यारी ने रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।
टपकेश्वर में सैनिकों के साथ की विशेष पूजा-अर्चना : माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर टपकेश्वर में नवरात्रि विशेष पूजा अनुष्ठान में सातवे दिवस प्रातः कालीन विशेष पूजा अर्चना के साथ विशेष आरती और श्री दुर्गा सप्तशती किया गया। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और सेना के जवानों ने विशेष पूजा अर्चना की।
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी विशेष नवरात्रि पूजा अनुष्ठान में भाग लेने माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर टपकेश्वर पहुंचे और देश की सुख शांति और समृद्धि के लिए विशेष पूजा अर्चना की।
आध्यात्मिक गुरु आचार्य बिपिन जोशी ने उनको माता की चुनरी, नारियल, भगवान गणेश जी की प्रतिमा भेंट कर शुभामनाएं दी। कोश्यारी ने पौराणिक श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक भी किया।