तमिलनाडु में कुन्नूर के पास हुए हेलीकॉप्टर हादसे में जीवित बचे एकमात्र व्यक्ति वायु सेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का निधन होने के बाद गुरुवार को विशेष विमान में उनका पार्थिव शरीर भोपाल के लिए रवाना किया गया, जो अब भोपाल पहुंच चुका है। 8 दिसंबर को हुए इस हादसे में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य सैन्य कर्मियों की जान चली गई थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल वरुण सिंह का उपचार जारी था, लेकिन बुधवार सुबह बेंगलुरू के एक सैन्य अस्पताल में उनका निधन हो गया था।
कल किया जाएगा ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का अंतिम संस्कार
ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के शव को आज सुबह अस्पताल से येलहंका में वायु सेना के अड्डे पर ले जाया गया, जहां कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, सैन्य और सरकारी अधिकारियों के अलावा वरुण सिंह के परिवार के सदस्यों ने दिवंगत को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद विशेष विमान से वरुण सिंह के पार्थिव शरीर को भोपाल पहुंचाया गया। भोपाल में 17 दिसंबर शुक्रवार को ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
CM शिवराज ने किया परिजनों को सम्मान निधि देने ऐलान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तमिलनाडु में कुन्नूर के पास हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद हुए वायु सेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के परिवार को एक करोड़ रुपये की सम्मान निधि देने की गुरुवार को घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वरुण सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय और सैनिक सम्मान के साथ भोपाल में किया जायेगा।
चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘मां भारती के सपूत, शौर्य के प्रतीक, वीर जवान, श्रद्धेय वरुण सिंह जी के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय और सैनिक सम्मान के साथ किया जायेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘श्रद्धेय वरुण सिंह जी की स्मृतियों को अक्षुण्ण रखने के लिए उनकी प्रतिमा की स्थापना और संस्था का नामकरण उनके नाम पर किया जायेगा। उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की सम्मान निधि और परिवार के सदस्य को शासकीय नौकरी दी जायेगी। अमर शहीद के चरणों में नमन।’’
हेलीकॉप्टर क्रैश में गंभीर रूप से झुलस गए थे वरुण
उत्कृष्ट ‘टेस्ट पायलट’ माने जाने वाले 39 वर्षीय ग्रुप कैप्टन के परिवार में पत्नी, 11 वर्षीय बेटा और आठ वर्षीय बेटी है। सिंह के पिता कर्नल (सेवानिवृत्त) के.पी. सिंह ‘आर्मी एअर डिफेंस’ में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सिंह का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला है, जो अभी भोपाल में रहता है। वायु सेना के एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टर के 8 दिसंबर को दुघर्टनाग्रस्त होने के बाद ग्रुप कैप्टन गंभीर रूप से झुलस गए थे और उन्हें वेलिंगटन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कैप्टन सिंह को पिछले गुरुवार को तमिलनाडु के वेलिंगटन से बेंगलुरू के कमांड अस्पताल में स्थानांतरित किया गया था।