उत्तराखंड: कांग्रेस को लगेगा बड़ा झटका? पूर्व अध्यक्ष थामेंगे BJP का दामन, गर्म हुआ अटकलों का बाजार - Punjab Kesari
Girl in a jacket

उत्तराखंड: कांग्रेस को लगेगा बड़ा झटका? पूर्व अध्यक्ष थामेंगे BJP का दामन, गर्म हुआ अटकलों का बाजार

उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने सोमवार रात यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई

उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने सोमवार रात यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेताओं से भेंट की, जिसके बाद मीडिया में अटकलें लगायी जा रही हैं कि वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं। यह मुलाकात प्रदेश भाजपा के संगठन महासचिव अजय कुमार के आवास पर हुयी, जिसमें भगवा पार्टी के चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी भी मौजूद थे।
कांग्रेस नेता उपाध्याय ने अटकलों को बताया अफवाह
हालांकि, उपाध्याय ने उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलों को अफवाह बताते हुए खारिज कर दिया और कहा कि वह अपने वनाधिकार आंदोलन के सिलसिले में विभिन्न लोगों से मुलाकात कर रहे हैं क्योंकि वह चाहते हैं कि उत्तराखंड का आगामी विधानसभा चुनाव पर्वतीय राज्य के मुद्दों को लेकर लड़ा जाए। उन्होंने लोगों से ऐसी अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
कई नेताओं ने बदले दल 
उपाध्याय, वनाधिकार आंदोलन के प्रणेता हैं। यह आंदोलन राज्य के वन संसाधनों पर स्थानीय लोगों के अधिकार के लिए लड़ाई लड़ रहा है। चुनावी मौसम में भाजपा नेताओं के साथ उनकी मुलाकात को लेकर उनके दल बदलने की संभावना से जुड़ी अटकलों को बल मिला। हाल में कई नेताओं ने दल-बदल किए हैं। 
चुनावों से पूर्व जारी है अदला-बदली का दौर 
उत्तरकाशी में पुरोला (सुरक्षित) सीट से भाजपा के पूर्व विधायक मालचंद और उत्तरकाशी के जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजलवान सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस में शामिल हो गए, वहीं भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी अनंत राम चौहान, जो आम आदमी पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष थे, कांग्रेस में शामिल हो गए। अखिल भारतीय क्षत्रिय सेना के संस्थापक अध्यक्ष गौरव सिंह राणा सोमवार को संगठन के पदाधिकारियों के साथ यहां भाजपा में शामिल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।