तेलंगाना के विवादित बीजेपी विधायक टी राजा सिंह लोढ के खिलाफ सोशल मीडिया साइट पर इफ्तार की दावतों को लेकर कथित रूप से ‘भड़काऊ’ वीडियो पोस्ट करने के लिए मामला दर्ज किया गया है। सहायक पुलिस आयुक्त (फलकनुमा मंडल) सैयद फियाज ने बताया कि पुलिस ने स्वत : संज्ञान लेते हुए कल रात विधायक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153 ए का मामला दर्ज किया है। गोशामहल से विधायक को विवादित बयान देने के लिए जाना जाता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश पोस्ट किया था जिसमें उन्होंने कहा था कि तेलंगाना सहित कई जनप्रतिनिधि इफ्तार की दावतें रखने में व्यस्त हैं और कहा था कि वह न इफ्तार का आयोजन करते हैं और न इफ्तार में जाते हैं।
उन्होंने वीडियो में कहा, ‘‘जो उनके साथ बैठते हैं (इफ्तार में शामिल होते हैं) वो वोट के भिखारी हैं। मेरी सोच अलग है।’’ सिंह ने कहा कि उनके हिन्दू धर्म ने सबका आदर करना सिखाया है। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन कुछ धर्म और उनकी धार्मिक किताबें हिन्दुओं की हत्या करने का उपदेश देती हैं क्योंकि वे काफिर हैं। मैं कैसे उन लोगों के लिए इफ्तार का आयोजन कर सकता हूं या इसमें शामिल हो सकता हूं जो हिन्दुओं को मारने की बात करते हैं ?’’ विधायक ने कहा, ‘‘भारत में आतंकवाद को फैलाने के लिए हरी किताब जिम्मेदार है और इसे प्रतिबंधित कर देना चाहिए।
मैं इसे प्रतिबंधित करने के लिए लड़ूंगा।’’ सिंह ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव पर विभिन्न मस्जिदों में इफ्तार का आयोजन कर अल्पसंख्यकों के ‘तुष्टिकरण’ का आरोप लगाया। हैदराबाद पुलिस ने विधायक के खिलाफ भड़काऊ बयान और भाषण देने के आरोप में कई बार मामला दर्ज किया है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहां क्लिक करें।