सोनीपत : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज यहां कहा कि उनकी सरकार का मुख्य लक्ष्य औद्योगिक विकास के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। खट्टर ने केन्द्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह के साथ संयुक्त रूप से लगभग 175 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली टैक्नो पार्क सोनीपत परिसर का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परिसर से शैक्षणिक कार्यक्रमों का विस्तार होगा। उद्घाटन अवसर पर हरियाणा सरकार एवं भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली के मध्य एक समझौते पर हस्ताक्षर भी किए गये। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा हरियाणा में स्थापित किए जाने वाले शिक्षण संस्थानों के लिए हरियाणा सरकार हरसम्भव सहायता करेगी। उनका प्रमुख लक्ष्य प्रदेश में औद्योगिक विकास के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाना है और उच्चस्तरीय शिक्षण संस्थानों की स्थापना से प्रदेश में औद्योगिक क्षेत्र के अनुसंधानों एवं विकास को गति दी जा सकेगी। राष्ट्रीय राजधानी का 57 प्रतिशत क्षेत्र हरियाणा में स्थित होने के परिणामस्वरूप यहां औद्योगिक विकास को गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को शिक्षित एवं कुशल श्रम शक्ति के रूप में आगे बढाने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा नीतिगत कार्य किए हैं। फरीदाबाद (हरियाणा) में बहुतकनीकी संस्थान, नीमका में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय का एक तकनीकी केन्द्र स्थापित किया गया है। पंचकूला (हरियाणा) में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलोजी स्थापित किया जा रहा है। केंद्रीय मानव संसाधन विकास एवं जल संसाधन तथा नदी विकास राज्य मंत्री डा. सत्यपाल सिंह ने कहा कि टैक्नो पार्क के लिए हरियाणा सरकार ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली को 50 एकड़ भूमि उपलब्ध करवाई है। टैक्नो पार्क से उच्चस्तरीय तकनीकी शिक्षा एवं अनुसंधान कार्यों का भी विस्तार हो सकेगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 23 करोड़ 05 लाख 53 हजार रूपये लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी एवं उद्घाटन किए।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।