कश्मीर घाटी में कई स्थानों पर हुई ताजा बर्फबारी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

कश्मीर घाटी में कई स्थानों पर हुई ताजा बर्फबारी

NULL

श्रीनगर : घाटी में बुधवार को ताजा बर्फबारी के बावजूद न्यूनतम तापमान में कुछ डिग्री की वृद्धि होने के कारण कश्मीरवासियों को ठंड से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने बताया कि श्रीनगर सहित घाटी में कई स्थानों पर ताजा बर्फबारी शुरू हो गई। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पर्यटन स्थल पहलगाम में पिछली रात तीन सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। पहलगाम वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविरों में से एक है। उन्होंने कहा कि बादल छाये रहने के कारण कश्मीर में रात का तापमान बढ़ गया है। अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो पिछले रात के मुकाबले तीन डिग्री से ज्यादा अधिक है। पिछली रात न्यूनतम तापमान शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे था।

उन्होंने कहा कि दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.9 डिग्री कम दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे के मुकाबले चार डिग्री से भी अधिक है। निकटवर्ती कोकेरनाग शहर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि उससे पिछली रात न्यूनतम तापमान शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। अधिकारी ने कहा कि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा शहर में पारा शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो सोमवार रात शून्य से 7.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा था।

उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 6.0 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जो सोमवार रात से चार डिग्री अधिक है। अधिकारी ने कहा कि पहलगाम में तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो उसकी पिछली रात के शून्य से 12.3 डिग्री सेल्सियस नीचे की तुलना में आठ डिग्री से भी अधिक है। कश्मीर में अभी 40 दिनों तक चलने वाले ठंड की चरम अवधि ‘चिल्लई कलाँ’ का दौर चल रहा है, जो 31 जनवरी तक चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।