जम्मू कश्मीर के पुंछ में पाक गोलीबारी में चार नागरिक घायल - Punjab Kesari
Girl in a jacket

जम्मू कश्मीर के पुंछ में पाक गोलीबारी में चार नागरिक घायल

जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में पाकिस्तान द्वारा लगातार दूसरे दिन किये गए संघर्ष विराम के उल्लंघन में

जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में पाकिस्तान द्वारा लगातार दूसरे दिन किये गए संघर्ष विराम के उल्लंघन में रविवार को तीन महिलाएं और एक बच्चा घायल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। 
उन्होंने कहा, “पाकिस्तान ने बिना उकसावे के ही मेंढर सेक्टर के बालाकोटे में छोटे हथियारों से जबरदस्त गोलीबारी के साथ ही मोर्टार के गोले दागे।” 
अधिकारी ने कहा कि हमनें इसका पुरजोर जवाब दिया और खबर लिखे जाने तक दोनों तरफ से भारी गोलीबारी जारी थी। 
पुंछ के जिला विकास आयुक्त राहुल यादव ने बताया, “पाकिस्तान द्वारा की गई गोलीबारी में तीन महिलाओं और एक बच्चे को छर्रे लगे हैं।” 
उन्होंने कहा कि सभी घायलों को वहां से निकाल लिया गया है और अस्पताल ले जाया गया है। उनकी हालत “स्थिर” बताई जा रही है। 
यादव ने कहा कि राहत दल प्रभावित इलाकों में पहुंच गए हैं और आगे के विवरण की प्रतीक्षा है। 
इससे पहले एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान ने बिना उकसावे के अपराह्न करीब सवा तीन बजे बालाकोटे सेक्टर में छोटे हथियारों से जबर्दस्त गोलीबारी की और मोर्टार के गोले भी दागे। 
उन्होंने कहा, “भारतीय सेना उचित जवाब दे रही है।” उन्होंने कहा कि जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान सेना को हुए नुकसान के बारे में तत्काल जानकारी नहीं मिली है। 
पाकिस्तानी सैनिकों की तरफ से शनिवार को भी पुंछ जिले के शाहपुर और करणी सेक्टरों में मोर्टार से गोले दागे गए और गोलीबारी की गई। इसके जवाब में भारत ने भी फौरन कड़ी कार्रवाई की। 
प्रवक्ता ने कहा कि दोनों तरफ से कुछ घंटों तक गोलीबारी होती रही। अधिकारियों के मुताबिक इस साल पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर 2000 से ज्यादा बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया जिसमें 21 भारतीयों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

17 + 15 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।