कश्मीर में फिर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना  - Punjab Kesari
Girl in a jacket

कश्मीर में फिर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना 

श्रीनगर : मौसम विभाग ने कश्मीर में बृहस्पतिवार शाम को बारिश होने या बर्फबारी होने का अनुमान व्यक्त

श्रीनगर : मौसम विभाग ने कश्मीर में बृहस्पतिवार शाम को बारिश होने या बर्फबारी होने का अनुमान व्यक्त किया है। साथ ही घाटी और लद्दाख क्षेत्र में लगातार शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ (डब्ल्यूडी) जम्मू कश्मीर की ओर बढ़ रहा है जिसके प्रभाव के कारण बृहस्पतिवार शाम से रविवार तक रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस मौसम प्रणाली का अधिकतम प्रभाव शनिवार को देखने को मिलेगा जब विभिन्न स्थानों पर बारिश और हिमपात होने की संभावना है। इस बीच, बुधवार रात अधिकांश स्थानों पर तापमान जमाव बिन्दु से नीचे दर्ज किये जाने के कारण कश्मीर में शीतलहर की स्थिति लगातार बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि दक्षिण कश्मीर में काजीगुंड का न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोकेरनाग जिले का न्यूनतम तापमान बुधवार रात में शून्य से 1 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि उत्तर कश्मीर में कुपवाड़ा का न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात में पहलगाम का न्यूनतम तापमान शून्य से 11.4 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान शून्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि लेह शहर में बुधवार रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 15 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि नजदीक स्थित करगिल का न्यूनतम तापमान शून्य से 18.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।