जम्मू : भाजपा की जम्मू कश्मीर इकाई ने अपने नेता राजेश गुप्ता को Article 35-A पर अपना रुख स्पष्ट करने और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में शुक्रवार को तलब किया। भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू कश्मीर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी अनुशासनात्मक समिति ने गुप्ता द्वारा पार्टी के खिलाफ अपमानजनक एवं बेबुनियाद आरोप लगाने और प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना पर निजी हमला करने के मामले पर कड़ा रुख अपनाया है।
राजेश गुप्ता ने चार अगस्त को संविधान के Article 35-A की वांछनीयता पर पार्टी के रुख से असहमति जताते हुए यह कहा कि ‘‘जम्मू में इस बात का डर है कि अगर इस Article 35-A को निरस्त किया जाता है तो बाहरी लोगों के आगमन से क्षेत्र को सबसे अधिक नुकसान होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कई लोगों का मानना है कि अगर जम्मू में बाहरी लोगों को बसने की इजाजत दे दी जाती है तो इसका क्षेत्र की अर्थव्यवस्था एवं रोजगार के अवसरों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।’’ प्रवक्ता ने बताया कि प्रथमदृष्टया अनुशासनहीनता और अपमानजनक बर्ताव पर गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।