YOGA DAY 2018 : संघर्ष से जूझ रही दुनिया को जोड़ने वाली ताकत है योग : मोदी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

YOGA DAY 2018 : संघर्ष से जूझ रही दुनिया को जोड़ने वाली ताकत है योग : मोदी

मुख्यमंत्री ने देहरादून को योग दिवस पर मुख्य आयोजन स्थल के तौर पर चुनने के लिए मोदी का

देहरादून : शहर के वन अनुसंधान संस्थान परिसर में 50 हजार से ज्यादा लोगों के साथ आज सुबह योगासन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पुरातन भारतीय योग परंपरा इस संघर्षरत दुनिया को एकजुट करने वाली सबसे बड़ी शक्ति के रूप में उभरी है। अंग्रेजों के जमाने में बने एफआरआई संस्थान की इमारत की पृष्ठभूमि में हजारों लोगों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि योग ने दुनिया को “रोग से निरोग” की राह दिखाई है और दुनिया भर में लोगों के जीवन को समृद्ध बना रहा है।

उन्होंने कहा, वास्तविकता यह है कि सेहत और तंदुरुस्ती की खोज में योग दिवस दुनिया के सबसे बड़े जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि लोगों का स्वस्थ होना शांतिपूर्ण विश्व की स्थापना के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्रधानमंत्री ने कहा, “देहरादून से डबलिन, शंघाई से शिकागो, जकार्ता से जोहानिसबर्ग, हिमालय की ऊंचाई से लेकर रेगिस्तान तक, योग दुनिया में लाखों जिन्दगियों को समृद्ध बना रहा है।”

modi

उन्होंने कहा, “योग समाज में एकरूपता लाता है जो राष्ट्रीय एकता का आधार बन सकता है।” उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र में योग दिवस का प्रस्ताव रिकॉर्ड समय में स्वीकार किया गया और ज्यादातर देशों ने इसका समर्थन किया। मोदी ने कहा, आज पूरी दुनिया के लोग योग को ऐसे रूप में देखते हैं कि वह उनका अपना है। प्रधानमंत्री ने लोगों से कहा, अगर आप चाहते हैं कि दुनिया आपकी विरासतों और धरोहरों का सम्मान करे , तो पहले आपको उनका सम्मान करना होगा।

उन्होंने कहा, “अगर हम खुद अपनी विरासतों और धरोहरों पर गर्व नहीं करेंगे तो और कोई नहीं करेगा। हमें अपनी मूल्यवान धरोहरों का सम्मान करना चाहिए।” उन्होंने कहा कि योग शांत, सृजनात्मक और संतुष्ट जीवन जीने का तरीका है। प्रधानमंत्री ने कहा , “योग बतौर व्यक्ति और समाज में आने वाली हमारी समस्याओं का उत्तम समाधान देता है।”

उन्होंने कहा, योग तोड़ता नहीं जोड़ता है, द्वेष की जगह समावेश सिखाता है। कष्टों को बढ़ाने के स्थान पर योग उनसे मुक्ति दिलाता है। मोदी के कहा कि योग दुनिया के लिए आशा की किरण है। उन्होंने कहा, “योग सुन्दर है क्योंकि वह पुरातन होते हुए भी आधुनिक है, उसमें ठहराव है फिर भी वह लगातार विकसित हो रहा है।”

modi

उन्होंने कहा कि योग भारत की समृद्ध विरासत का हिस्सा है। हमें इस पर गर्व करना चाहिए। उन्होंने कहा, “तोक्यो से टोरंटो, स्टॉकहोम से साओ पाउलो तक योग लाखों लोगों के जीवन को सकारात्मक तरीके से प्रभावित कर रहा है।” प्रधानमंत्री ने लोगों से कहा कि वह ना सिर्फ स्वस्थ बल्कि प्रसन्न और शांतिपूर्ण जीवन के लिए भी योग को अपनाएं।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देहरादून को योग दिवस पर मुख्य आयोजन स्थल के तौर पर चुनने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताते हुए कहा कि इस कदम से राज्य में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री कल रात यहां पहुंचे। सुबह साढ़े छह बजे वन अनुसंधान संस्थान के परिसर में लोगों को संबोधित करने के बाद मोदी ने उनके साथ योगाभ्यास किया।

अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।