लखनऊ: ‘ऐ भाई जरा देख के, अरे, क्या तांगे के नीचे दबकर मरोगे, टिन टिन की आवाजें’ अब बीते समय की बात हो गयी है। तहजीब और नवाबों के शहर लखनऊ के लोगों का तांगे से शुरू हुआ सफर अब मेट्रो रेल तक पहुंच गया है।लखनऊ में नवाबी काल से आजादी के बाद तक लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिये तांगा सदाबहार रहा। साठ के दशक के बाद सिटी बसों को सफर शुरू हुआ। धीरे- धीरे समय बीतने के साथ ही यातायात के साधनों में बदलाव आता गया। कभी गणेशनुमा टेम्पो, कभी आटो द्वारा पूरे शहर में यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाता रहा, लेकिन कल से लखनऊ के निवासी मेट्रो रेल में सफर कर सकेंगे।
नवाबी शहर के इतिहासकार योगेश प्रवीण ने कहा है कि तांगा लखनऊ में सार्वजनिक यातायात का सबसे पुराना साधन रहा है। यह साधन सबसे अधिक समय तक टिकाऊ रहा है। तांगा का चलन नवाबी काल से शुरू हुआ था और आजादी के बाद भी एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिये यह लोगों की पहली पसंद बनी रही। जगह-जगह सड़कों के किनारे, चौराहों पर घोड़ की प्यास बुझाने के लिये चरही बनी रहती थीं। श्री प्रवीण ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन के अन्य साधनों में साठ के दशक में लखनऊ में सिटी बसों का संचालन शुरू हुआ। साइकिल रिक्शा का चलन तांगे की तरह काफी पुराना है। खरीदारी तथा छोटी दूरी तय करने के लिये लोगों की पहली पसन्द साइकिल रिक्शा रहा है। उसके बाद लखनऊ में टेम्पो तथा आटो का प्रचलन शुरू हो गया।
लखनऊ के चौक निवासी प्रेम नारायण सक्सेना ने बताया कि ‘ ऐ भाई जरा देख के, अरे क्या तांगे के नीचे दबकर मरोगे, टिन टिन की आवाजे’ अब बीते समय की बात हो गयी है। रिक्शा का स्थान अब ई रिक्शा ने ले लिया है। सड़कों पर भीड़ बढ़ गयी है। बदलते परिवेश में लोगों के पास समय की कमी है उसी हिसाब से यातायात के साधन भी बदल गये है। उन्होने बताया कि लखनऊ पहले चौक, सआदतगंज, अहियागंज, ऐशबाग, अमीनाबाद, नजीराबाद, कैसरबाग, हजरतगंज तक ही सीमित था, लेकिन अब 30 किलोमीटर से अधिक के दायरे में फैल चुका है। यहां की जनसंख्या भी बढकर 30 लाख के करीब पहुंच गयी है। बढती जनसंख्या और जाम के चलते तांगा, रिक्शा से वहां तक पहुचना संभव नहीं है। मेट्रो रेल के संचालन से लोगों को सहुलियतें हो जायेगी। लोग कम समय में इधर से उधर जा सकेंगे।
मेट्रो रेल चलने से लखनऊ अब दिल्ली, मुम्बई, कोलकत्ता, जयपुर और बंगलुरू शहर की श्रेणी में आ जायेगा। उन्होने बताया कि वे लोग मेट्रो रेल का बेसब्री से इंतजार कर रहे है। ट्रासपोर्ट नगर स्टेशन से चारबाग तक सफर के लिये कार्ड खरीदा है।
देश के बडे राज्य की राजधानी लखनऊ में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ मेट्रो रेल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। छह सितम्बर से आम लोग इसमें सफर शुरू करेंगे। पहले चरण में ट्रासपोर्टनगर से चारबाग तक 8़ 5 किलोमीटर का सफर शुरू होगा। इसके लिये चार कोच चलाये जा रहे है। लखनऊ मेट्रो रेल में जादुई आवाज दूरदर्शन के एंकर रहे शम्मी नारंग की हिन्दी में तथा रिनी खन्ना की अंग्रेजी में होगी। इस आवाज के जरिये बीच- बीच में लोगों को जरूरी टिप्स भी मिलते रहेंगे।