TOP - 5 NEWS 16 MARCH : आज की 5 सबसे बड़ी खबरें - Punjab Kesari
Girl in a jacket

TOP – 5 NEWS 16 MARCH : आज की 5 सबसे बड़ी खबरें

कोरोना के नए मामलों की रफ्तार ने सरकार की चिंता फिर बढ़ा दी है। नए मामलों ने एक

1 – Corona Return : नए नियम लागू, पीएम मोदी ने बुलाई मुख्यमंत्रियों की बैठक
कोरोना के नए मामलों की रफ्तार ने सरकार की चिंता फिर बढ़ा दी है। नए मामलों ने एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली है और स्थिति लगभग बीते साल जैसी ही हो गई है। भारत में रोजाना आने वाले कोरोना के नए मामलों की संख्या 26 हजार को एक बार फिर से पार कर गई है। स्थिति को देखते हुए एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 मार्च को मुख्यमंत्रियों संग बैठक बुलाई है तो वहीं महाराष्ट्र में दिन-ब-दिन बिगड़ते हालात के बाद यहां एक बार फिर से सख्स पाबंदियां लगाए जाने की घोषणा की गई है। कई राज्यों में नाइट कर्फ्यू का ऐलान कर दिया गया है तो कुछ राज्य कर्फ्यू पर विचार कर रहे हैं। 
2 – ऑक्सफोर्ड-ऐस्ट्राजेनेका वैक्सीन के इस्तेमाल को रोका, भारत में क्या स्थिति?
ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन का इस्तेमाल पर बीते सात दिनों के अंदर 12 देशों ने रोक लगा दी है। सोमवार को जर्मनी, फ्रांस, इटली और स्पेन ने भी इसके इस्तेमाल पर रोक लगा दी। इसके अलावा नीदरलैंड ने भी ऐस्ट्राजेनेका की वैक्सीन पर रोक लगा दी है। दरअसल, वैक्सीन लगवाने के बाद खून के थक्के जमने के गंभीर मामले सामने आने की वजह से ऐसा किया गया है। हालांकि, भारत में इस तरह का कोई मामला सामने नहीं आया है। भारत में भी ऐस्ट्राजेनेका की कोविड वैक्सीन टीकाकरण अभियान का अहम हिस्सा है। बता दें कि इसे सीरम इंस्टिट्यूट ने बनाया है।  
3 – Bihar corona : स्वास्थ्य विभाग आज जारी कर सकता है नई गाइडलाइन
आज यानी मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए नई गाइडलाइन जारी कर सकता है। वहीं संक्रमण के बढ़ रहे केस के चलते एक बार फिर से कंटेनमेंट जोन बनाने का निर्णय लिया गया है। पटना में 56 जगहों पर माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई सक्रिय मरीजों की सूची के आधार पर इसे बनाया जाएगा। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने की जिम्मेवारी दी गई है। जिला प्रशासन का कहना है कि 24 घंटे में यदि मरीज बढ़ गए तो इसकी संख्या बढ़ सकती है। माइक्रो कंटेनमेंट जोन छोटे स्तर पर होगा। दो या चार घरों को मिलाकर एक माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा। माइक्रो कंटेनमेंट जोन उसी इलाके में बनाए जाएंगे, जहां कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं।
4 – Summer update : दिल्ली के लोगों को करना होगा तेज गर्मी का सामना, तापमान 3 डिग्री बढ़ने के आसार
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन-चार दिनों में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री तक का इजाफा हो सकता है। इसके चलते पारा लगातार 35 डिग्री के पार बना रह सकता है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार को दिन चढ़ने के साथ तेज धूप का सामना करना पड़ा। अब तेजी से गर्मी बढ़ने के आसार हैं। सफदरजंग केंद्र में सोमवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री रहा जो कि सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन के समय आसमान साफ रहेगा और तेज धूप खिली रहेगी। तापमान में तेजी से इजाफा होने की संभावना है और यह 35 के पार बना रह सकता है।
5 – Delhi corona : तीन सप्ताह में बढ़े 175 मरीज, 50 फीसदी से अधिक आईसीयू में भर्ती
राजधानी के अस्पतालों में कोरोना के मरीज बढ़ रहे हैं। इनमें से अधिकतर मरीज आईसीयू और वेंटिलेटर पर भर्ती हैं। डॉक्टरों का कहना है कि बीते कुछ दिनों से प्रतिदिन भर्ती होने वाले रोगी बढ़ रहे हैं। इनमें अधिकतर पुरानी बीमारियों से पीड़ित हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले साल दसिंबर तक अस्पतालों में तीन हजार मरीज भर्ती थे, जिनकी संख्या करीब डेढ़ महीने तक कम होते हुए 20 फरवरी को 407 रह गई थी, लेकिन उसके बाद से अस्पतालों में रोगी दोबारा से बढने लगे है। बीते तीन सप्ताह में 175 मरीज भर्ती हुए हैं।इनमे से 80 से ज्यादा आईसीयू में भर्ती हैं। इस समय रोजाना आ रहे मरीजों में से अधिकतर का इलाज होम आइसोलेशन में ही किया जा रहा है, लेकिन जो मरीज अस्पताल आ रहे हैं। उनमें अधिकतर की हालत गंभीर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।