Top 20 News 4 August - आज की 20 सबसे बड़ी ख़बरें - Punjab Kesari
Girl in a jacket

Top 20 News 4 August – आज की 20 सबसे बड़ी ख़बरें

जानिए देश, विदेश, खेल, और व्यापार से जुड़ी खबरें-ये आज का टॉप 20 न्यूज़ मेनू बताएगा आपको आज

1. गृह मंत्री ने शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ की बैठक, जम्मू-कश्मीर में मौजूदा स्थिति पर की चर्चा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ एक बैठक की। समझा जाता है कि उन्होंने जम्मू कश्मीर में मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। घंटे भर चली बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल, केंद्रीय गृह सचिव राजीव गाबा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। 
2. भारतीय सेना का पाकिस्तानी सेना को संदेश, ‘सफेद झंडा लेकर आओ और शव ले जाओ’
भारतीय सेना ने पाकिस्तान की सेना से अपने कर्मियों के शवों को अपने कब्जे में लेने की पेशकश की है। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि ये कर्मी जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर में पाकिस्तान सीमा कार्य बल (बीएटी) के हमले को नाकाम किए जाने के दौरान मारे गए थे।
3. भारी बारिश के कारण रुकी मुंबई की रफ्तार, मछुआरों को समद्र में न जाने की चेतावनी
महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण इलाकों का हाल बेहाल है। बारिश के कारण लोगों को वाटर लॉगिंग की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण वहां से गुजरने वाली ट्रेनें रोक दी गई हैं। शहर में भारी बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव हो गया है। नासिक के त्रयंबकेश्‍वर मंदिर के अं‍दर तक बारिश का पानी भर गया है।
4. उन्नाव मामले में CBI कुलदीप सेंगर के घर सहित कई स्थानों पर कर रही है छापेमारी
उन्नाव रेप पीड़िता के दुर्घटना मामले में केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कई स्थानों पर छापे मारे हैं। अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी की विस्तृत जानकारी अभी नहीं दी गई है क्योंकि अभियान अभी जारी है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि 17 स्थानों पर छापे मारे जा रहे हैं। सीबीआई कुलदीप सेंगर समेत अन्य आरोपियों के  घर और अन्य जगहों  पर तलाशी कर रही है।
5. एयर इंडिया ने श्रीनगर आवागमन का अधिकतम किराया किया तय
एयर इंडिया ने जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर से आने और वहां तक जाने वाली उड़ानों का अधिकतम किराया तय कर दिया है। सरकारी विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने जम्मू-कश्मीर की स्थिति को देखते हुए श्रीनगर से जाने वाली और वहां तक आने वाली उड़ानों में अधिकतम किराया 9500 रुपये तय कर दिया है।
6. आजम खान की बढ़ी मुश्किलें, विश्वविद्यालय के लिए जमीन हथियाने को लेकर 27 प्राथमिकियां दर्ज
समाजवादी पार्टी के नेता एवं लोकसभा सांसद आजम खान के खिलाफ पिछले एक महीने में करीब 27 प्राथमिकियां दर्ज की गईं हैं। पुलिस ने बताया कि ये सभी मामले रामपुर में उनके विश्वविद्यालय के लिए किसानों की जमीन हड़पने से जुड़े हुए हैं।
7. हर्षवर्धन ने रेजिडेंट डॉक्टरों से की मुलाकात, हड़ताल जल्द खत्म होने की जताई उम्मीद
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने एनएमसी विधेयक के कुछ प्रावधानों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे एम्स और सफदरजंग के रेजिडेंट डॉक्टरों से रविवार को मुलाकात की और उम्मीद जतायी कि राष्ट्रीय हित और मरीजों को हो रही समस्याओं को ध्यान में रखते हुए वे अपनी हड़ताल वापस ले लेंगे।
8. 10 अगस्त को होगी CWC की बैठक,कांग्रेस को मिल सकता है नया अध्यक्ष
राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद कांग्रेस लम्बे समय से अपने नए अध्यक्ष की तलाश कर रही है, लेकिन अब लगता है कि पार्टी को चलाने वाला और मजबूत बनाने वाला अध्यक्ष जल्द ही मिल जायेगा। संसद सत्र के खत्म होने के बाद 10 अगस्त को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक पार्टी मुख्यालय में होगी। ऐसी माना जा रही है कि इस बैठक में कांग्रेस के अगले अध्यक्ष कौन होंगे इसको लेकर विचार विमर्श किया जा सकता है।
9. स्किल इंडिया कार्यक्रम को लेकर प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को स्किल इंडिया कार्यक्रम के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि यह ‘खोदा पहाड़ और निकली चुहिया’ की तरह हो गया है। मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए प्रियंका ने कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) के तहत प्रशिक्षित 72 लाख लोगों में से केवल 15 लाख 23 हजार (21 फीसदी) को नौकरी मिली है।
10. ISRO ने जारी की चंद्रयान-2 द्वारा भेजी गई पृथ्वी की खूबसूरत तस्वीरें
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) ने रविवार को ‘चंद्रयान 2’ से ली गई पृथ्वी की तस्वीरों का पहला सैट जारी किया। यह तस्वीरें चंद्रयान 2 पर लगे एल 14 कैमरे से ली गई हैं। यह तस्वीरें पृथ्वी को विभिन्न रूपों में दिखाती हैं। इसरो ने इन तस्वीरों के साथ एक ट्वीट में कहा, ‘‘चंद्रयान 2 एल 14 कैमरों से तीन अगस्त, 2019’’ चंद्रयान 2, चांद के अध्ययन के लिए भेजा गया देश का दूसरा मिशन है। इसे पिछले पखवाड़े ही अंतरिक्ष में प्रक्षेपित किया गया था।
11. कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में सबको ‘एकजुट करने वाली ताकत’ होंगी प्रियंका गांधी : कर्ण सिंह
राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस की कमान सौंपे जाने की उठती मांग के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता कर्ण सिंह ने कहा है कि प्रियंका पार्टी प्रमुख के रूप में सबको ‘एकजुट करने वाली ताकत’ होंगी और इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होगा। कर्ण सिंह ने यह भी कहा कि नेतृत्व मुद्दे पर निर्णय न होने से कांग्रेस को निश्चित रूप से नुकसान पहुंचा है।
12. यूपी : तीन तलाक विधेयक पारित होने का जश्न मना रही बीवी को शौहर ने दिया ‘तलाक’
उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले की बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जिगनी गांव में एक मुस्लिम महिला को उसके शौहर ने इसलिए ‘तलाक’ दे दिया, क्योंकि वह राज्यसभा में तलाक बिल पास होने की खुशी मना रही थी। पुलिस ने इस संबंध में एक मुकदमा दर्ज किया है।
13. अलका लांबा आम आदमी पार्टी से देंगी इस्तीफा, पर विधायक के तौर करती रहेंगी कार्य
आम आदमी पार्टी (आप) की नाराज विधायक अलका लांबा ने रविवार को कहा कि उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला कर लिया है और आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर लड़ेंगी। चांदनी चौक से विधायक अलका लांबा कुछ समय से पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रही हैं।
14. महाजनादेश यात्रा में बोले फडणवीस-ऐतिहासिक हार की ओर बढ़ रहा है विपक्ष
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि विपक्षी पार्टियां आगामी विधानसभा चुनाव में‘‘ऐतिहासिक हार’’ की ओर बढ़ रही हैं। विपक्षी पार्टियों की आलोचना करते हुए फडणवीस ने कहा कि उन्होंने अपनी हार का ठीकरा फोड़ने के लिए चुनावों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के इस्तेमाल के खिलाफ गोलबंदी शुरू कर दी है।
15. कानून तोड़ने वालों का पद पुलिस कार्रवाई में आड़े नहीं आयेगा : CM पिनराई विजयन
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने रविवार को कहा कि माकपा के नेतृत्व वाली एलडीएफ सरकार कानून का दुरुपयोग करने वाले किसी अधिकारी (महिला/पुरूष) के पद की परवाह नहीं करेगी। सरकार ऐसे किसी अधिकारी को संरक्षण प्रदान नहीं करेगी।
16. Friendship Day पर इजरायल ने भारत से कहा- ‘ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे’
इजरायल ने रविवार को फ्रेंडशिप डे के मौके पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 1975 की ब्लॉकबस्टर फिल्म शोले के गाने ‘ये दोस्ती.’ के बोल लिख कर भारत को शुभकामनाएं दी हैं। भारत स्थित इजरायली दूतावास ने ट्वीट किया, “हैप्पी फ्रेंडशिप डे 2019 भारत। हमारी पुरानी दोस्ती मजबूत हो और बढ़ती साझेदारी नई ऊंचाइयों को छुए।
17. पाकिस्तान की महिला एसएचओ ने 60 दिनों में की 200 दुष्कर्म और यौन शोषण मामलों की जांच
दो महीने पहले ही पाकपट्टन की महिला स्टेशन हाउस अधिकारी (एसएचओ) के तौर पर पदभार ग्रहण करने वाली युवा सब-इंस्पेक्टर कुलसूम फातिमा के काम की काफी प्रशंसा हो रही है, जिन्होंने मात्र दो महीनों में ही दुष्कर्म और यौन शोषण के 200 मामलों की जांच की है।
18. ईरान ने की पुष्टि, अमेरिका ने विदेश मंत्री जवाद जरीफ पर लगाया प्रतिबंध
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने का न्योता ठुकराने के बाद अमेरिका ने ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद जरीफ पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। ईरान के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। एक खबर में बताया गया  कि सीनेटर रैंड पॉल ने 15 जुलाई को अमेरिका में जरीफ से मुलाकात की थी और उन्हें ट्रंप से मिलने के लिए व्हाइट हाउस जाने का न्योता दिया था।
19. रंकीरेड्डी-शेट्टी फाइनल में
सत्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरूष युगल जोड़ी ने शनिवार को यहां थाईलैंड ओपन के सेमीफाइनल में कोरिया के सुंग ह्यून और शिन बेक शेओल को पराजित कर फाइनल में जगह पक्की की। गैर वरीय भारतीय जोड़ी ने अंतिम चार के इस मुकाबले में विश्व रैंकिंग में 19वें स्थान पर काबिज कोरियाई जोड़ी को 63 मिनट तक चले मुकाबले में 22-20, 22-24, 21-9 से शिकस्त दी।
20. Global T20: युवराज सिंह ने धमाकेदार पारी खेलते हुए 21 गेंदों में जड़ा अर्धशतक
भारतीय टीम के पूर्व ऑल राउंडर युवराज सिंह कनाडा टी 20 लीग में ताबड़तोड़ रन बना रहे हैं। एक बार फिर से युवराज सिंह ने अपने जबरदस्त प्रदर्शन से फैन्स को दीवाना कर दिया है। इस टूर्नामेंट में चौके और छक्कों की युवराज आए मैच में बरसात करते हुए दिखाई देते हैं। ग्‍लोबल टी20 कनाडा लीग में युवराज ने एक ओर कारनामा कर दिया है। युवराज के इस प्रदर्शन के बाद भी उनकी टीम जीत नहीं हासिल कर पाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।