TOP 20 NEWS 19 December : आज की 20 सबसे बड़ी खबरें - Punjab Kesari
Girl in a jacket

TOP 20 NEWS 19 December : आज की 20 सबसे बड़ी खबरें

जानिए देश, विदेश, खेल, और व्यापार से जुड़ी खबरें-ये आज का टॉप 20 न्यूज़ मेनू बताएगा आपको आज

1. दिल्ली में CAA के खिलाफ प्रदर्शन के चलते गुरुग्राम में लगा भयंकर जाम, कई इलाकों में इंटरनेट-कॉलिंग सेवा बंद

दिल्ली में लाल किला क्षेत्र के आसपास लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए बृहस्पतिवार को सैकड़ों लोगों ने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के विरोध में मार्च शुरू किया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज दो विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।
2. CAA के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान लखनऊ में पुलिस चौकियां – ओबी वैन फूंकी, पुलिस ने किया लाठी चार्ज
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया है। प्रदर्शनकारियों ने दो पुलिस चौकी को आग के हवाले कर दिया, और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर जमकर लाठियां बरसाई। प्रदर्शनकारियों ने डालीगंज और हजरतगंज इलाके में जमकर उत्पात मचाया और तोड़फोड़ किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया। 
3. गृह मंत्रालय CAA के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन के बीच सुरक्षा स्थिति की करेगा समीक्षा
गृह मंत्रालय संशोधित नागरिकता अधिनियम (सीएए) के खिलाफ हिंसक विरोध प्रदर्शन के बीच बृहस्पतिवार की शाम देश की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेगा। अधिकारियों ने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी और केन्द्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला के बैठक में शामिल होने की उम्मीद है।
4. कुछ तत्व भारत में प्रवेश के लिए नेपाल और भूटान से लगने वाली सीमा के उपयोग की कर रहे कोशिश : अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि कुछ ऐसे तत्व हैं जो भारत में शांति देखना नहीं चाहते है और वे देश में प्रवेश के लिए नेपाल और भूटान से लगने वाली हमारी सीमा के इस्तेमाल की कोशिश कर रहे हैं। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के 56वें स्थापना दिवस को संबोधित कर रहे शाह ने कहा कि नेपाल और भूटान के साथ भारत के संबंध मैत्रीपूर्ण हैं। 
5. भाजपा की स्थापना 1980 में हुई थी और हमसे 1970 के नागरिकता दस्तावेज मांग रही है: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोलकाता में एक रैली में भाजपा की केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी देश को विभाजित कर रही है नागरिकता संशोधन अधिनियम के तहत हमें आजादी के 73 साल बाद अचानक यह साबित करना होगा कि हम भारतीय नागरिक हैं। 
6. महाराष्ट्र : CM उद्धव ठाकरे ने भाजपा से किया सवाल, कहा- हिन्दू आव्रजकों को कहां रखेंगे?
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने संशोधित नागरिकता कानून को लेकर गुरुवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि सरकार इन हिन्दू आव्रजकों को देश में किस जगह पर और कैसे बसाने वाली है? उन्होंने भाजपा-नीत केन्द्र सरकार पर आरोप लगाया कि बेलगाम सीमा विवाद मामले में वह महाराष्ट्र के बजाए कर्नाटक का पक्ष ले रही है। वह महाराष्ट्र विधानसभा में राज्यपाल बी. एस. कोश्यारी के अभिभाषण पर हो रही चर्चा का जवाब दे रहे थे।
7. संशोधित नागरिकता कानून को लेकर कांग्रेस नेताओं ने स्थिति की समीक्षा के लिये की बैठक
संशोधित नागरिकता कानून को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर बैठक की जिसमें इस मुद्दे पर राष्ट्रीय राजधानी सहित देश के विभिन्न हिस्सों में स्थिति के बारे में चर्चा की गई । 
8. सुरक्षा की दृष्टि से सुबह से बंद दिल्ली मेट्रो के 18 स्टेशन खोले गए, 2 अभी भी बंद
दिल्ली मेट्रो ने 20 स्टेशनों में से 18 के प्रवेश व निकास द्वार को खोल दिया गया, जो गुरुवार सुबह से बंद थे। इन्हें राष्ट्रीय राजधानी में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के एहतियाती उपायों के मद्देनजर बंद किया गया था। 
9. प्रियंका गांधी ने की CAA विरोधी प्रदर्शन रोकने पर केंद्र सरकार की निंदा
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ लोगों को विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने और प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किए जाने को लेकर केंद्र सरकार की तीखी आलोचना की है। प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर लिखा, ‘मेट्रो स्टेशन बंद हैं। इंटरनेट बंद है। 
10. सुब्रमणयम स्वामी बोले- फांसी की सजा पाए मुशर्रफ को दी जाए भारत की नागरिकता
नागरिकता संशोधन कानून(सीएए) के विरोध में देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे प्रदर्शनों के बीच भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के तेज तर्रार नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुब्रमणयम स्वामी ने गुरुवार को चुटकी लेते हुए कहा कि फांसी की सजा पाए पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ को भारत की नागरिकता दे देनी चाहिए। 
11. विदेश मंत्री जयशंकर बोले- CAA सताए हुए धार्मिक अल्पसंख्यकों के लिए
भारत में नए नागरिकता कानून पर हो रहे विवाद को लेकर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने स्पष्ट किया है कि यह कानून कुछ देशों में सताए हुए धार्मिक अल्पसंख्यकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए बनाया गया है। जयशंकर ने अमेरिका में दूसरी 2+2 मंत्री स्तरीय बातचीत में विदेश मंत्री माइक पोम्पियो के साथ बैठक में यह बात कही है। 
12. सरकार लोगों की आवाज दबाने के लिए दमनकारी कदम उठा रही है : कांग्रेस
कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि सरकार इंटरनेट सेवा बंद करने और निषेधाज्ञा लगाने जैसे दमनकारी कदमों से लोगों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है लेकिन सरकार जितना आवाज दबाएगी, उतनी तेज आवाज उठेगी।कांग्रेस ने कहा कि विरोध प्रदर्शन करने के लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने के लिये भाजपा को शर्मिंदा होना चाहिए । 
13. राजनीतिक पार्टियों को हमारे आंदोलन पर कब्जा नहीं करने देंगे, हम कोई नेता नहीं चाहते : प्रदर्शनकारी
राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के खिलाफ प्रदर्शन के लिए प्रदर्शनकारियों को लाल किले की ओर बढ़ने से रोकने के बाद, सुनहरी मस्जिद के पास जमा हुए लोगों का कहना है कि राजनीतिक पार्टियों के नेता उनके प्रदर्शन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। 
14. अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के खिलाफ निचले सदन में महाभियोग प्रस्ताव पास
अमेरिका में डेमोक्रेटिक की अगुआई वाले हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव ने बुधवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव में वोट दिया। इसके साथ इस सदन में उनपर महाभियोग प्रस्ताव पारित हो गया है। ट्रंप पर कांग्रेस को बाधित करने और सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप है। 
15. जामिया हिंसा : केंद्र, दिल्ली सरकार और पुलिस को हाई कोर्ट का नोटिस
दिल्ली हाई कोर्ट ने नागरिकता (संशोधन) कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के दौरान जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में हिंसा की पड़ताल के लिए एक तथ्यान्वेषी कमेटी गठित करने की मांग वाली याचिका पर केंद्र दिल्ली सरकार और पुलिस को नोटिस जारी किया। 
16. महात्मा गांधी का अहिंसा का मार्ग अपनाते हुए शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करें: आप
आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को लोगों से अपील की कि वे संशोधित नागरिकता कानून (सीएएए) के खिलाफ शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करें। कहा कि हिंसा से समूचा आंदोलन बदनाम होगा और सरकार के लिए उद्देश्य का दमन करना आसान होगा। 
17. दिल्ली में CAA विरोधी प्रदर्शनों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं: पुलिस
दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है। दिल्ली पुलिस के पीआरओ मनदीप सिंह रंधावा ने पत्रकारों से कहा कि कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाये रखने के लिए पुलिसकर्मियों के अलावा आरएएफ समेत अन्य बलों की 52 कंपनियां तैनात की गई हैं।
18. निर्भया मामला: दोषी के नाबालिग होने का दावा खारिज, वकील पर लगा जुर्माना
 दिल्ली उच्च न्यायालय ने निर्भया सामूहिक दुष्कर्म और हत्या मामले में फांसी की सजा का सामना कर रहे चार दोषियों में एक की याचिका बृहस्पतिवार को खारिज कर दी। याचिका में उसने दावा किया था कि दिसंबर 2012 में अपराध के समय वह नाबालिग था। 
19. केजरीवाल ने शूरू की फ्री वाईफाई सेवा, दिल्ली में इंटरनेट सेवाएं बंद करने पर कसा तंज
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को मुफ्त वाईफाई योजना की शुरुआत की और कहा कि यह विरोधाभास है कि आज के दिन ही दिल्ली में अधिकारियों ने इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शनों के चलते राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में मोबाइल-इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया है। केजरीवाल ने कहा कि देश में लोग ‘‘डरे’’ हुए हैं क्योंकि करीब 70 प्रतिशत के पास अपनी नागरिकता साबित करने के लिए कोई दस्तावेज नहीं हैं। 
20. बेटी की CAA विरोधी पोस्ट वायरल होने के बाद बोले गांगुली-सना को इससे दूर रखें
संशोधित नागरिकता अधिनियम पर निशाना साधती सना गांगुली की पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि उनकी बेटी को किसी भी तरह की राजनीति से अलग रखना चाहिए। भारत के पूर्व कप्तान ने कहा कि इंस्टाग्राम पोस्ट ‘ सच नहीं ’ है। उन्होंने ट्वीट किया ,‘‘कृपया सना को इन सब मामलों से दूर रखे। वह पोस्ट सच नहीं है। वह बहुत छोटी है और राजनीति के बारे में कुछ नहीं जानती।’’ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।