TDP ने नायडू से BJP में शामिल होने वाले पार्टी के 4 सांसदों की सदस्यता रद्द करने की मांग की - Punjab Kesari
Girl in a jacket

TDP ने नायडू से BJP में शामिल होने वाले पार्टी के 4 सांसदों की सदस्यता रद्द करने की मांग की

तेदेपा के पांच सांसदों ने शुक्रवार को राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू से भाजपा में शामिल होने

तेदेपा के पांच सांसदों ने शुक्रवार को राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू से भाजपा में शामिल होने वाले उनकी पार्टी के चार सांसदों को उच्च सदन की सदस्यता से अयोग्य ठहराने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि तेदेपा के चार राज्यसभा सदस्यों ने बृहस्पतिवार को भाजपा में शामिल होकर अपने दल के भाजपा में विलय की भी नायडू के समक्ष अर्जी पेश की थी। 
सूत्रों के अनुसार तेदेपा के तीन लोकसभा और दो राज्यसभा सदस्यों ने नायडू से मुलाकात कर पार्टी से अलग हुये सांसदों की अर्जी को भी चुनौती देते हुये इसे अमान्य ठहराने की मांग की है। 
राज्यसभा सचिवालय के सूत्रों ने बताया कि सभापति ने भाजपा और तेदेपा के विधायी दलों से जुड़े इस मामले को संज्ञान में लिया है जो दलबदल कानून की धारा चार के तहत पेश किया गया था। इस बीच राज्यसभा सचिवालय ने उच्च सदन में भाजपा और तेदेपा की सदस्य संख्या को आधिकारिक तौर पर अपडेट कर दिया है। 
राज्यसभा की वेबसाइट पर भी तेदेपा की सदस्य संख्या छह से घटकर अब दो कर दी गयी है। वहीं भाजपा की सदस्य संख्या 71 से बढ़कर 75 हो गयी है। 
उल्लेखनीय है कि तेदेपा के तीन लोकसभा सदस्यों जयदेव गल्ला, श्रीनिवास केसिनेनी और के आर मोहन नायडू तथा राज्यसभा सदस्यों रवीन्द्र कुमार और थोटा सीतारामा लक्ष्मी ने सभापति नायडू से अनुरोध किया कि उन्हें भाजपा में शामिल होने वाले चारों सदस्यों को उच्च सदन की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर देना चाहिये। 
भाजपा में शामिल होने वाले वाई एस चौधरी, सी एम रमेश, जी मोहन राव और टी जी वेंकटेश ने सभापति से उनके विधायी दल का भाजपा में विलय करने की मांग की थी। 
तेदेपा के सांसदों ने नायडू को भाजपा में शामिल होने वाले पार्टी सांसदों के खिलाफ कार्रवाई करने का मांग पत्र सौंपते हुये कहा कि राज्यसभा में पार्टी विधायी दल का भाजपा में विलय करने के लिये इन सदस्यों को कभी अधिकृत नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यह घटना उस समय हुयी है जब तेदेपा अध्यक्ष यूरोप दौरे पर हैं। 
इस बीच सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि तेदेपा सदस्यों के भाजपा में शामिल होने की प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो गयी और सभापति कार्यालय ने चारों नाम भाजपा के सदस्यों की सूची में शामिल करने के बारे में सूचित भी कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब इन सदस्यों को भाजपा सदस्य के रूप में मान्यता मिल गयी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।