Sambhal Violence Update : उत्तर प्रदेश की संभल हिंसा के बाद डिप्टी एसपी अनुज चौधरी वायरल हो गए हैं। उनका बयान सुर्खियां बटोर रहा है। उन्होंने कहा है कि पुलिस को भी आत्मरक्षा का अधिकार है। पुलिसकर्मी मरने के लिए भर्ती नहीं हुए हैं। उनके ये शब्द तेजी से वायरल हो रहे हैं। डिप्टी एसपी अनुज चौधरी ने यह भी कहा है कि पुलिसकर्मियों के भी बच्चे-परिवार हैं। संभल में 4-6 घंटे कैसे हालात रहे, पहले उसे देखना चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में जीत चुके हैं कई मेडल
डिप्टी एसपी के इन बातों की चर्चा तो है, लेकिन वो पहले भी सुर्खियां बटोर चुके हैं। अनुज चौधरी अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में देश का मान बढ़ा चुके हैं। कुश्ती में कई मेडल जीते हैं। सपा के कद्दावर नेता आजम खान से बहस कर काफी चर्चा में रहे।
स्पोर्ट्स कोटे के तहत हुई है भर्ती
अनुज अर्जुन अवॉर्डी हैं। इनकी भर्ती स्पोर्ट्स कोटे से हुई है। पुलिस फोर्स में चौधरी मजबूत कद काठी से लेकर बॉडी फिटनेस, बेधड़क अंदाज के लिए जाने जाते हैं। अनुज ने साल 2002 और 2010 के नेशनल गेम्स में सिल्वर मेडल जीते थे। दूसरी ओर एशियाई चैंपियनशिप में दो ब्रॉन्ज मेडल भी हासिल किया था। यह मुजफ्फरनगर के बहेड़ी गांव के रहने वाले हैं।
आजम खान से बहस
रामपुर में तैनाती के दौरान सपा नेता आजम खान से भी उनकी काफी बहस हुई थी। आजम खान सपा प्रतिनिधिमंडल के साथ मुरादाबाद कमिश्नर से मिलने निकले थे, तभी सीओ सिटी रहते अनुज चौधरी ने साफ कहा था कि 27 लोग ही अंदर जाएंगे। इतना सुनते ही अनुज से आजम ने कहा था कि समाजवादियों ने ही पहलवानों को पहचाना था। आजन ने ये तक कहा कि अखिलेश का एहसान याद है। इस पर अनुज चौधरी ने कहा था कि एहसान कैसा? अर्जुन अवार्ड मिला है। अर्जुन अवार्ड किसी के एहसान से नहीं मिलता। अनुज और आजम खान की इस तीखी बहस का वीडियो खूब वायरल हुआ था।
संभल हिंसा के दौरान पैर पर लगी गोली
संभल में उपद्रवियों को काबू करने की कोशिश कर रहे थे, तभी अनुज चौधरी के पैर पर गोली लगी। तब से अनुज को लेकर बातें हो रही हैं। संभल जामा मस्जिद में सर्वे के लिए पहुंची टीम पर भीड़ ने हमला किया था। इसके बाद माहौल बिगड़ा। अब संभल में माहौल शांत है।