Sambhal Violence Live Update : उत्तर प्रदेश के संभल में शाही मस्जिद के सर्वे से आक्रोशित लोगों के हमले में चार लोगों की जान जा चुकी है। इस हिंसा में कई पुलिस वाले भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हिंसक लोगों ने कई वाहनों को जला दिया। हालात इतने बिगड़ गए थे कि इंटरनेट सेवा और स्कूल-कॉलेज बंद करने पड़े थे। पिछले दो दिनों से शहर में शांति है। काफी संख्या में पुलिस बल पैदल मार्च कर रहे हैं। इन सबके बीच संभल हिंसा को लेकर दर्ज पुलिस की एफआईआर से कई सनसनीखेज खुलासे हुए हैं।
सोची-समझी साजिश के तहत हुए हमले : पुलिस
एफआईआर में लिखा है कि भीड़ ने सोची-समझी साजिश के तहत पुलिस पर पत्थरबाजी की थी। हत्या की नीयत से पुलिस पर गोलियां चलाई गईं। उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों की 9 एमएम की मैगजीन लूट लिए थेजिसमें 10 राउंड गोलियां थीं। पिस्टल छीनने की कोशिश की गई। एफआईआर के मुताबिक हिंसक भीड़ ने सीसीटीवी तोड़ डाले थे, ताकि उनके द्वारा किए गए हमले रिकॉर्ड ना हो।
गुलबदीन, सुल्तान और अन्य ने किए हमले
एफआईआर के मुताबिक संभल के नखासा चौक पर 150 से 200 लोगों ने दोपहर 12:35 बजे सीसीटीवी कैमरे तोड़े। फिर हॉकी, डंडों और पत्थरों से पुलिस कर्मियों पर हत्या की नीयत से हमले शुरू किए थे। इस भीड़ में शामिल गुलबदीन, सुल्तान, हसन, मुन्ना पुत्र जब्बार, फैजान, समद आदि के साथ सैकड़ों अज्ञात लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया। उनकी गाड़ियों में आग लगा दी।
‘हम अपनी मस्जिद में सर्वे नहीं होने देंगे’
एफआईआर में लिखा है कि भीड़ में से आवाज आई- ‘हसन, अजीम, सलीम, रिहान, हैदर, वसीम, अयान’, इन पुलिस वालों के सारे हथियार और कारतूस छीन लो। इनको आग लगाकर मार दो। कोई बचकर न जाने पाए। हम अपनी मस्जिद में सर्वे नहीं होने देंगे’। ये कहते हुए भीड़ ने पुलिस वालों पर फायरिंग की थी। भीड़ सुबह 8:45 पर जामा मस्जिद की ढलान पर इकट्ठी थी। इसमें 800 से 900 लोग थे। उन्होंने पहले नारेबाजी की और फिर पत्थरबाजी करने लगे। पुलिस वालों ने उन्हें बहुत समझाया, लेकिन वो नहीं माने। उपद्रवी सर्वे टीम के साथ भी कुछ कर सकते थे, इसलिए और फोर्स बुलानी पड़ी। भीड़ ने आंसू गैस के गोले लूट ले गई।
मामले में अब तक क्या हुआ?
सोमवार को संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क और सदर विधायक नवाब इकबाल महमूद के बेटे सुहैल इकबाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इन पर हिंसा भड़काने का आरोप है। पुलिस ने मामले में 7 एफआईआर दर्ज की है। इनमें 6 नामजद और 2500 से ज्यादा अज्ञात लोग हैं। 25 लोग गिरफ्तार किए गए हैं।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI‘ को अभी Subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।