भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी किसान आंदोलन की आड़ में देश को हिंसा की आग में झोंकने की कोशिश कर रहे हैं। ईरानी ने शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा,“आज पूरे राष्ट्र ने कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रेस वार्ता में राष्ट्र के खिलाफ खुलेआम उनकी चुनौती को देखा है।
अपनी प्रेस वार्ता में आज राहुल गांधी ने एलान कर दिया कि 72वें गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में हिंसा का जो तांडव देश ने देखा है, हिंसा की वह आग जल्द ही देश के हर शहर यहाँ तक कि स्लम बस्तियों तक फैलेगी और देश की जनता देखेगी।
भारत की राजनीति में पहली बार शांति का आह्वान करने के बजाय अराजक तत्व एवं उपद्रवी देश में आग कैसे लगाएं, उसका आह्वान करते हुए कांग्रेस पार्टी के एक नेता को आज पूरे राष्ट्र ने देखा है।”