फडणवीस के बाद मुख्यमंत्री से उप मुख्यमंत्री बनने वाले दूसरे नेता शिंदे, आज लेंगे शपथ - Punjab Kesari
Girl in a jacket

फडणवीस के बाद मुख्यमंत्री से उप मुख्यमंत्री बनने वाले दूसरे नेता शिंदे, आज लेंगे शपथ

Maharashtra CM Today : महाराष्ट्र में आज नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री समेत

Maharashtra CM Oath: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम आने के 13 दिन बाद आज शपथ ग्रहण समारोह होगा। शाम 5:30 बजे आजाद मैदान में देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं, एनसीपी नेता अजित पवार छठी बार उप मुख्यमंत्री बनेंगे। शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे भी डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे। फडणवीस के बाद शिंदे मुख्यमंत्री से उप मुख्यमंत्री बनने वाले दूसरे नेता हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्रियों को भी न्योता भेजा गया है। देशभर के 400 साधु-संत भी शामिल होंगे।

बीजेपी के 19 नेता ले सकते हैं शपथ

सूत्रों के अनुसार बीजेपी के 19, एनसीपी के 7, शिवसेना के 5 नेता शपथ ले सकते हैं। महाराष्ट्र चुनाव के रिजल्ट 23 नवंबर को आए थे। महायुति यानी भाजपा-शिवसेना शिंदे-एनसीपी पवार को 230 सीटों का भारी बहुमत मिला।

कल पेश किया था सरकार बनाने का दावा

फडणवीस ने बुधवार को शिंदे, अजित पवार के साथ राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इस दौरान​​​​​​ भाजपा के ऑब्जर्वर्स विजय रूपाणी, निर्मला सीतारमण भी मौजूद थे। इसके बाद फडणवीस, शिंदे, पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। फडणवीस और शिंदे ने कहा कि कितने और कौन-कौन मंत्री शपथ लेंगे, इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी। महायुति की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद फडणवीस सीएम हाउस पहुंचे। यहां उनकी शिंदे के साथ 45 मिनट मीटिंग हुई। सूत्रों ने दावा किया कि शिंदे डिप्टी सीएम बनने के लिए तैयार हो गए हैं। मगर, अब भी वह गृह मंत्रालय पद के लिए अड़े हैं।

मुझे क्या मिला ये मायने नहीं रखता

शिंदे ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि हमने वादा किया था कि जो फैसला लिया जाएगा, उसका मैं समर्थन करूंगा। मैंने वही किया। महायुति को इतना बड़ा बहुमत कभी नहीं मिला था, ये ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि मुझे क्या मिला ये सवाल नहीं है, महाराष्ट्र को क्या मिला, हमारे मन में यही भावना थी। महायुति में कोई ऊंच-नीच नहीं है। फडणवीस घर आए, ये उनका बड़प्पन है।

मैं निजी काम से दिल्ली गया : अजित

अजित पवार ने कहा कि मैं पर्सनल काम से दिल्ली गया था। कुछ लोगों ने कहा कि मैं वहां बैठक करने गया था, लेकिन ऐसा नहीं है। इस प्रदेश के विकास के लिए हम काम करेंगे। हमारा फोकस यही है। इसको लेकर हम आगे बढ़ेंगे। हम महायुति की सरकार बनाने जा रहे। यह बहुमत हमें विकास की ओर लेकर जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

2 × 4 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।