भोपाल: राजधानी भोपाल में इन दिनों पूरा शहर मॉ आदिशक्ति की भक्ति में डूबा हुआ है। मॉ आदिशक्ति की लगातार 9 दिनों तक पूजा-अर्चना के बाद कल शहर में 21 स्थानों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच दशहरा महोत्सव में रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। बिट्टन मार्केट में शाम सात बजे से दशहरा महोत्सव में आसमानी आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगी। वहीं पुराने भोपाल शहर के मारवाड़ी रोड स्थित बांके बिहारी मंदिर से निकलने वाला हिंदू उत्सव समिति का दशहरा चल समारोह दोपहर एक बजे शुरू होकर रात 8 बजे छोला दशहरा मैदान पहुंचेगा, जहां आतिशबाजी व रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
बिट्टन मार्केट दशहरा मैदान में महोत्सव की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। यहां मंच पर राम-रावण युद्घ का मंचन किया जाएगा। इसके बाद मालवा की रंगारंग आतिशबाजी की जाएगी। महासचिव सोमानी के अनुसार यहां प्रत्येक वर्ष बुराई के प्रतीक रावण के पुतले का कद एक फीट घटाया जाता है। इस वर्ष 59 फीट के रावण के पुतले का दहन होगा। विजय दशमी पर दोपहर एक बजे मारवाड़ी रोड स्थित बांके बिहारी मंदिर से छोला दशहरा मैदान तक चल समारोह निकाला जाएगा। इसमें रामदल, रावण सेना, आकर्षक झांकियां, बैंड, ढोल की थाप पर चल समारोह विभिन्न स्थानों से होता हुआ छोला दशहरा मैदान तक जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद छोला मैदान पर 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। टीटी नगर दशहरा मैदान में भी 65 फीट ऊंचे पुतले का दहन किया जाएगा। समारोह शाम साढ़े छह बजे से प्रारंभ होगा। इसमें रावण दहन के बाद भगवान राम का विजय तिलक किया जाएगा। इसी तरह भेल उत्सव समिति द्वारा गोविंदपुरा स्थित दशहरा मैदान में भी बुराई के प्रतीक रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा।
भेल स्थित दहशरा मैदान में कार्यक्रम का शुभारंभ बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक यंत्री क्षेत्र की रामलीला समितियों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में करेंगे। इसके बाद यहां पर हर वर्ष की तरह आसमान पर आकर्षक रंगारंग आतिशबाजी का कार्यक्रम होगा। इसके अलावा राजधानी भोपाल में बैरागढ़, आनंद नगर, करोद, नारियल खेड़ा, अशोका गार्डन, कोहेफिजा, राम नगर कालोनी, शाहपुरा, विजयनगर लालघाटी, एमवीएम मैदान जहांगीराबाद, नेहरू नगर, अयोध्या नगर, कोलार, गांधीनगर, मध्य रेल संस्थान मैदान व नेवरी आदि स्थानों पर दशहरा पर्व में रावण दहन किया जाएगा। कई स्थानों पर राम-रावण युद्घ का मंचन भी होगा।