रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह SCO की बैठक में शामिल होने के लिए बुधवार को रूस रवाना होंगे - Punjab Kesari
Girl in a jacket

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह SCO की बैठक में शामिल होने के लिए बुधवार को रूस रवाना होंगे

अधिकारियों ने बताया कि एससीओ रक्षा मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के अलावा सिंह अपने रूसी समकक्ष

शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को रूस के लिए रवाना होंगे। इस बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा परिदृश्य पर विचार-विमर्श किये जाने की उम्मीद है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। अधिकारियों ने बताया कि एससीओ रक्षा मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के अलावा सिंह अपने रूसी समकक्ष सर्गेई शोइगू और कई अन्य शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे जिसका उद्देश्य कई रक्षा खरीद कार्यक्रमों के कार्यान्वयन में तेजी लाना है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि एससीओ रक्षा मंत्रियों की बैठक ऐसे समय हो रही है, जब इसके दो सदस्य देशों- भारत और चीन के बीच पूर्वी लद्दाख में एक सीमा गतिरोध है। चीन के रक्षा मंत्री जनरल वेई फेंघे के एससीओ की बैठक में हिस्सा लेने की उम्मीद है। 
एससीओ बैठक के इतर सिंह और वेई के बीच द्विपक्षीय बैठक की संभावना के बारे में पूछे जाने पर सूत्रों ने कहा कि ऐसी कोई योजना नहीं है। सिंह की यह जून के बाद मॉस्को की दूसरी यात्रा होगी। उन्होंने 24 जून को मॉस्को में विजय दिवस परेड में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। विजय दिवस परेड का आयोजन द्वितीय विश्वयुद्ध में नाजी जर्मनी पर सोवियत विजय की 75 वीं वर्षगांठ पर किया गया था।
रूस ने 10 सितंबर को एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर को भी आमंत्रित किया है। सूत्रों ने बताया कि सिंह पांच सितंबर की शाम में भारत के लिए रवाना होंगे। भारत और चीन के सैनिकों के बीच साढ़े तीन महीने से अधिक समय से पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर कई क्षेत्रों में गतिरोध बना हुआ है। 
भारतीय सेना ने सोमवार को कहा कि चीन की सेना ने 29 और 30 अगस्त की दरम्यानी रात एकतरफा तरीके से पैंगोंग सो के दक्षिणी तट पर यथास्थिति बदलने के लिए उकसावेपूर्ण सैन्य गतिविधि की लेकिन भारतीय सैनिकों ने प्रयास को विफल कर दिया। इस ताजा टकराव से वास्तविक नियंत्रण रेखा पर तनाव और बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।