छत्तीसगढ़ के नगर निकाय चुनाव में भाजपा की जीत पर राजनाथ सिंह ने दी बधाई - Punjab Kesari
Girl in a jacket

छत्तीसगढ़ के नगर निकाय चुनाव में भाजपा की जीत पर राजनाथ सिंह ने दी बधाई

भाजपा की ‘परफेक्ट टेन’ जीत पर राजनाथ सिंह का ट्वीट

छत्तीसगढ़ के नगर निकाय चुनाव में भाजपा की जीत पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और विजेता उम्मीदवारों को बधाई दी।

राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “छत्तीसगढ़ के नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने ‘परफेक्ट टेन’ हासिल करके जीत का परचम लहराया है। इस जबरदस्त जीत के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं प्रदेश अध्यक्ष किरण देव समेत पूरी टीम को बधाई। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली एनडीए सरकारों में जनता-जनार्दन के अगाध विश्वास की प्रतीक है। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ सभी विजयी उम्मीदवारों को ढेरों शुभकामनाएं।”

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “आज का दिन राजनीति के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के इतिहास में स्वर्णाक्षरों से लिखा जाएगा। भारतीय जनता पार्टी को नगरीय निकाय चुनाव में ऐतिहासिक सफलता मिली है। यह प्रचंड जीत यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ‘मोदी की गारंटी’, 13 महीने में हमारी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और भारतीय जनता पार्टी पर जनता के अटूट विश्वास की जीत है। इस ऐतिहासिक जीत के लिए प्रदेश की देवतुल्य जनता का सहृदय आभार।”

दूसरे पोस्ट में उन्होंने लिखा, “नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत में अपना महती योगदान देने वाले पार्टी के शीर्ष नेताओं, माननीय मंत्रीगणों, सांसद-विधायक साथियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं देवतुल्य कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार। मुख्यमंत्री होने के नाते मैं प्रदेश की देवतुल्य जनता को आश्वस्त करता हूं कि जिस तरह हम मोदी की गारंटी के सभी वादे को पूरा कर रहे हैं, ठीक उसी तरह अटल विश्वास पत्र के एक-एक वादे को हमारी सरकार पूरा करेगी।”

छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने भी एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “नगरीय निकाय चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत, समर्थन और विश्वास के लिए देवतुल्य जनता, वरिष्ठ नेतागण एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह जीत आप सभी के विश्वास, हमारे कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और पार्टी की नीतियों की सफलता का परिणाम है। आपने भाजपा पर जो विश्वास किया है, वह हमें आगे बढ़ने की शक्ति और दिशा देता है। आप सभी के विश्वास को कायम रखते हुए, हम राज्य और नगरों के विकास में नए आयाम स्थापित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी आप सभी की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। इस जीत के साथ हम और भी मजबूती से आपके साथ खड़े होंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।