मोदी के बाद अब राहुल जाएंगे गुजरात, 3 दिन तक चलेगा दौरा - Punjab Kesari
Girl in a jacket

मोदी के बाद अब राहुल जाएंगे गुजरात, 3 दिन तक चलेगा दौरा

NULL

गुजरात में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को देखते हुए तेज हो रही राजनीतिक चहल पहल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी नौ अक्टूबर से तीन दिन तक गुजरात के दौर पर रहेंगे। राज्य की उनकी यह दूसरी यात्रा होगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी 9 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक गुजरात में रहेंगे। इस दौरान वह पश्चिमी गुजरात में दूसरा रोड शो करेंगे और कई जिलों का दौरा करेंगे। राज्य के अपने पिछले दौरे की तरह ही इस बार भी वह वहां कई मंदिरों में दर्शन करने भी जाएंगे।

राहुल ने अपने पिछले दौरे की शुरुआत गुजरात के द्वारका मंदिर में दर्शन करके की थी। इस दौरान वह कई अन्य मंदिरों मे भी दर्शन करने गए थे। वह साथ ही किसानों, व्यापारियों, धार्मिक और सामाजिक संगठन के प्रतिनिधियों से भी मिले थे। कांग्रेस उपाध्यक्ष सुबह 10 बजे अहमदाबाद हवाई अड्डा पहुंचेंगे। पहले वह हाथीजन सर्किल जाएंगे और इसके बाद जिभाईपुरा और खेड़ा के लिए रवाना होगें जहां अमूल कार्यक्रम में उनका स्वागत किया जाएगा। जिभाईपुरा से वह संतराम मंदिर जाएंगे।

rahul amethi tour

यह मंदिर सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक माना जाता है। यहां हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय के लोग पूजा-अर्चना करते हैं। मंदिर में दर्शन करने के बाद राहुल स्वतंत्रता सेनानी सरदार पटेल के जन्म स्थान नदियाड़ का दौरा करेंगे। नंदियाड़ के बाद राहुल गांधी का आणंद के पेटलाड शहर जाएंगे और वहां लोगों को संबोधित करेंगे। डेरदद्दा गांव में वह महिला दुग्ध को-ऑपरेटिव के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।

आणंद के बाद वह वडोदरा के सय्याजी हॉल पहुंचेंगे जहां वह कारोबारी प्रतिनिधियों और पेशेवर लोगों से मुलाकात करेंगे। रात में वह वडोदरा के सर्किट हाउस में ठहरेंगे। राहुल गांधी 10 अक्टूबर को वडोदरा में बाबासाहेब आंबेडकर की ‘संकल्प भूमि’ भी जाएंगे। इसके बाद वह आशा कार्यकर्ताओं, किसानों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह वडेली, छोटा उदेपुर में आम लोगों संबोधित भी करेंगे। वह ज्ञारह अक्टूबर को दाहोद में अनुसूचित जनजाति के छात्रों के साथ बैठक करेंगे। दाहोद में वह कबीर मंदिर भी देखने जाएंगे। राहुल गांधी इसके बाद दिल्ली लौट जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

sixteen − two =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।