महागठबंधन के सहयोगियों के साथ आज झारखंड में रैली को संबोधित करेंगे राहुल गांधी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

महागठबंधन के सहयोगियों के साथ आज झारखंड में रैली को संबोधित करेंगे राहुल गांधी

झारखंड कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता ने बताया राहुल मोरहाबादी मैदान में पार्टी के परिवर्तन उलगुलान महारैली को जेवीएम और

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का झारखंड में लोकसभा चुनाव के लिए महागठबंधन नेताओं के साथ आज यानि शनिवार को एक रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने शुक्रवार को बताया कि राहुल गांधी मोरहाबादी मैदान में पार्टी के परिवर्तन उलगुलान महारैली को झामुमो, जेवीएम और राजद के नेताओं के साथ संबोधित करेंगे।

शाहदेव ने कहा, ”झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन, झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) प्रमुख बाबूलाल मरांडी और राजद की झारखंड इकाई अध्यक्ष अन्नापूर्णा देवी को कांग्रेस की शनिवार की रैली में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।”

congress_rahul

उन्होंने यद्यपि गांधी के राजद प्रमुख लालू प्रसाद से मिलने की संभावना खारिज की जो करोड़ों रुपये के चारा घोटाला मामले में दोषसिद्धि के बाद यहां जेल में बंद हैं। प्रसाद एकीकृत बिहार में 90 के दशक में सामने आये 900 करोड़ रुपये से अधिक के चारा घोटाले के मामलों में दोषी ठहराये जाने के बाद दिसंबर 2017 से रांची की बिरसा मुंडा जेल में बंद हैं।

राजद बिहार के साथ ही झारखंड में भी कांग्रेस की महत्वपूर्ण सहयोगी पार्टी है और प्रसाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। विपक्षी दल महागठबंधन के सहयोगी के तौर पर कई मौकों पर एक साथ दिखाई दिए हैं लेकिन उनके बीच सीटों का बँटवारा अभी भी नहीं हुआ है। कांग्रेस के एक अन्य नेता ने कहा कि 2014 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बाद राहुल गांधी की झारखंड में यह पहली यात्रा होगी।

आमतौर पर आगंतुकों को शनिवार को प्रसाद से मिलने की अनुमति दी जाती है और विपक्ष के कई नेताओं ने पिछले दो महीनों के दौरान उनसे मुलाकात की है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने 23 फरवरी को उनसे मुलाकात की थी।

हाल ही में झारखंड में विपक्षी दलों के बीच बनी सहमति के अनुसार कांग्रेस राज्य में लोकसभा चुनावों की कमान संभालेगी जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) विधानसभा चुनाव में ऐसा करेगी। विपक्षी दलों ने अभी तक झारखंड की 14 लोकसभा सीटों के लिए सीट समायोजन की घोषणा नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।