महाराष्ट्र : इंजीनियर से दुर्व्यवहार मामले में पुलिस ने नितेश राणे को किया गिरफ्तार , 50 समर्थकों के खिलाफ FIR - Punjab Kesari
Girl in a jacket

महाराष्ट्र : इंजीनियर से दुर्व्यवहार मामले में पुलिस ने नितेश राणे को किया गिरफ्तार , 50 समर्थकों के खिलाफ FIR

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे और कांग्रेस विधायक नितेश राणे को इंजीनियर के साथ मारपीट,

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे और कांग्रेस विधायक नितेश राणे को इंजीनियर के साथ मारपीट, गाली-गलौज और कीचड़ डलवाने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी विधायक और उनके 50 समर्थकों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की है।
नितेश राणे के खिलाफ भारतीय दंड सहिंता की धारा 353, 342, 332, 324, 323, 120(ए), 147, 143, 504, 506 के तहत एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस अब पूरे मामले में आरोपी विधायक से पूछताछ करेगी।
आपको बता दे कि इससे पहले मुंबई-गोवा राजमार्ग की खराब दशा से नाराज होकर कांग्रेस विधायक नितेश राणे व उनके समर्थकों ने गुरुवार को अपना गुस्सा राजमार्ग के इंजीनियर को कीचड़ से नहलाकर निकाला था और उसे पुल से बांधने का प्रयास किया था। 
राणे के साथ कांकावली नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष व राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से जुड़े महाराष्ट्र स्वाभिमान पार्टी (एमएसपी) के कार्यकर्ता भी थे। राणे पुल के एक हिस्से पर चल रहे मरम्मत कार्य को देखने गए थे। यह पुल कंकावली के पास गढ़ नदी पर बना है। 
उन्होंने सब-इंजीनियर प्रकाश शेडेकर से सड़क की खराब हालात पर सवाल किए और आपत्ति जताई कि लोगों को रोजाना कीचड़ व गड्ढों का सामना करना पड़ रहा है।
 
उन्होंने कहा, ‘लोग इसे रोजाना बर्दाश्त कर रहे हैं..अब इसे आप भी महसूस कीजिए।’ इसके बाद लोगों ने कुछ बाल्टी कीचड़ शेडेकर पर फेंक दिया, उन्हें धक्का दिया व घेर लिया। 
नारायण राणे ने अपने विधायक पुत्र के अभियंता पर हमला करने के लिए माफी मांगी 
महाराष्ट्र स्वाभिमान पार्टी के नेता नारायण राणे ने अपने विधायक पुत्र नितेश राणे द्वारा एक अभियंता पर हमला करने के लिए बृहस्पतिवार को माफी मांगी। 
कांग्रेस विधायक नितेश राणे मुम्बई-गोवा राजमार्ग की खराब स्थिति के विरोध में सुबह एक उप अभियंता पर कीचड़ फेंकते हुए कैमरे में कैद हो गये। 
पुलिस ने बताया कि यह घटना तटीय जिले सिंधदुर्ग में उनके विधानसभा क्षेत्र कांकावली में हुई जिसके बाद नितेश राणे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। 
सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो क्लिप में नितेश राणे और कांकावली नगर परिषद के अध्यक्ष समीर नलवाडे को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के उप अभियंता प्रकाश खेडेकर को एक पुल की रेलिंग से कथित तौर पर बांधते हुए और उन पर कीचड़ फेंकते हुए देखा जा सकता है। 
इस वीडियो के वायरल होने पर भाजपा से राज्यसभा सदस्य नारायण राणे ने अपने पुत्र के दुर्व्यवहार के लिए माफी मांगी है। 
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं एक सरकारी अधिकारी पर कीचड़ फेंकने के अपने बेटे के कृत्य पर माफी मांगता हूं। यह विरोध (राजमार्ग की खराब हालत के खिलाफ) स्थानीय लोगों के लिए था।’’ 
राजमार्ग पर गड्ढे और कीचड़ पाये जाने के बाद कांकावली से विधायक नितेश राणे और उनके समर्थक विरोध जता रहे थे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।