कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक में बीजेपी के महिला मोर्चे की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से ‘नमो ऐप’ के जरिए संवाद कर रहे हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि समाज में लिंगानुपात बेहतर होना जरूरी है। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, कैबिनेट में सक्षम महिलाओं को जगह दी गई है। पीएम ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पोलिंग बूथ जीतना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी महिलाओं के नेतृत्व में विकास की बात करती है। नमो ऐप पर पीएम मोदी ने कहा, कर्नाटक में कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश करेंगे। हमने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान शुरू किया।
हमारा देश महिलाओं के विकास से महिला संचालित विकास की ओर अग्रसर हो रहा है।हमारी पार्टी इसी विचारधारा में भरोसा करती है। पीएम ने भरोसा दिलाया कि हमारा देश महिला विकास और महिला सशक्तिकरण की ओर बढ़ रही है, जिसमें बीजेपी को भी भरोसा है। हम महिला नेतृत्व में विकास की बात करते हैं। पीएम ने बीजेपी की महिल कार्यकर्ताओं से कहा कि वोटरों तक सही बात पहुंचाने की ताकत उन्हीं में है। चुनाव जितने के लिए महिला कार्यकर्ताओं को बूथ लेवल तक सरकार के कार्यों को पहुंचाना होगा। महिला कार्यकर्ता वोटर्स को आसानी से अपनी बात समझा सकती हैं।
उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से कहा कि वे बूथ जीतने पर फोकस करें, चुनाव अपने आप जीत जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन हो या सरकार हम महिलाओं को प्राथमिकता देते हैं। पीएम ने केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज और निर्मला सीतारमण की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि दुनिया भर के नेताओं के बीच हमारी ये दो महिला नेता देश को मजबूती से पेश करती हैं। पीएम ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को सफल बनाने की अपील की। साथ ही समाज के लोगों से पूछा कि क्या वे कभी बेटों से पूछते हैं कहां जा रहे हो, कहां गए थे? उन्होंने अपील की कि अगर लड़कों से ऐसे सवाल किए जाने लगेंगे तो महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार के मामलों में काफी कमी आएगी।
इससे पहले गुरुवार को पीएम मोदी ने चुनावी भाषण में कहा कि कर्नाटक सरकार भ्रष्टाचार में ‘गोल्ड मेडलिस्ट’ है और कांग्रेस नेता ‘सत्ता के नशे में चूर’ है। मोदी ने इस राज्य में आगामी चुनाव से कुछ दिन पहले भाजपा की रैलियों को संबोधित करते हुए ये टिप्पणियां कीं। राष्ट्रवाद का मुद्दा उठाते हुए मोदी ने राष्ट्रीय नायकों तथा सेना का ‘‘अपमान’’ करने पर कांग्रेस की निंदा की। उन्होंने त्रिशंकु विधानसभा के चुनावी विश्लेषकों के पूर्वानुमान को खारिज करते हुए कहा कि बीजेपी अपने दम पर सरकर बनाएगी क्योंकि जनता ने ‘कांग्रेस के अंतिम किले को ढहाने का’ मन बना लिया है।
जेडीएस को बीजेपी की ‘बी टीम’ कहकर पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा का अपमान करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की निंदा करने के कुछ दिन बाद मोदी ने जनता से देवगौड़ा की पार्टी को अपना वोट देकर इसे ‘व्यर्थ’ नहीं करने का अनुरोध किया और कहा कि यह पार्टी चुनावों में तीसरे स्थान पर रहेगी। पीएम मोदी का कर्नाटक चुनावी दौरा काफी तेज हो गया है और वे कुल 21 रैलियों को संबोधित करेंगे। कर्नाटक में बीजेपी सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को सत्ता से हटाने के लिए पूरी ताकत लगा रही है।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।